GAYA के ख़लिश पार्क में 4 घड़ियों से लैस  25 फ़ीट ऊंचा लगाया गया क्लॉक टावर।


Report : FAISAL RAHMANI


GAYA : इनरव्हील क्लब ऑफ़ गया तथा रोटरी क्लब ऑफ गया सिटी ने संयुक्त रुप से गेवाल बिगहा मोहल्ले में स्थित ख़लिश पार्क में क्लॉक टावर का निर्माण करवाया है। इसका उद्घाटन म्युनिसिपल कमिश्नर अभिलाषा शर्मा ने रिबन काट कर किया। 


इस मौक़े पर गया नगर निगम के डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव, इनरव्हील क्लब ऑफ़ गया की अध्यक्ष तृप्ति गुप्ता, रोटरी क्लब ऑफ़ गया सिटी की अध्यक्ष रितु डालमिया, इनरव्हील क्लब की सेक्रेटरी आभा गुप्ता, रोटरी क्लब गया सिटी की सेक्रेटरी कंचन वर्मा, रोटरी क्लब के वाईस प्रेसिडेंट प्रियरंजन डॉयर, बादशाह डालमिया, नीरज गुप्ता, डॉ. रतन कुमार, प्रो. अशोक सिंह, डॉ. अमिता सिन्हा, विकास जिंदल, शिव अरुण डालमिया, डॉ. कृष्ण कुमार, शिरीष प्रकाश, किरण प्रकाश, राजकुमार दुबे, उषा दुबे, संजय पाल, डॉ. रामसेवक सिंह, स्मिता जिंदल, डॉ. प्रवीण, डॉ. सुचेता, वार्ड नंबर 35 के पार्षद प्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता मो. मंज़र हुसैन समेत अनेक रोटेरियन व इनरव्हील के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद थे।


इस मौक़े पर नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा ने कहा कि ख़लिश पार्क में क्लॉक टावर लग जाने से इसकी एक अलग पहचान बन जाएगी। उन्होंने इनरव्हील क्लब ऑफ़ गया और रोटरी क्लब गया सिटी के इस प्रयास की तारीफ़ की।


वहीं, डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि 25 लाख रुपए की लागत गया नगर निगम इस पार्क के सौंदर्यीकरण का काम करेगा। यह पार्क शहर में आकर्षण का केंद्र बनेगा।


रोटरी क्लब ऑफ़ गया सिटी की अध्यक्ष रितु डालमिया ने कहा कि क्लब की प्रेसिडेंट बनने के बाद सभी का सहयोग मिलता रहा। रोटरी क्लब गया सिटी की अलग पहचान बनाने के मक़सद से उन्होंने ख़लिश पार्क में क्लॉक टावर के निर्माण की पहल की थी। गया नगर निगम से मंज़ूरी मिलने के बाद 4 बड़ी-बड़ी घड़ियों से सुसज्जित 25 फ़ीट ऊंचे क्लॉक टावर का निर्माण मात्र 20 दिनों में पूरा कर लिया गया। इसमें इनरव्हील क्लब ऑफ़ गया और डोनियर इंडस्ट्रीज़ का सराहनीय सहयोग मिला।


इनरव्हील क्लब ऑफ़ गया की अध्यक्ष तृप्ति गुप्ता ने कहा कि चूंकि यह क्लॉक टावर का निर्माण महिलाओं की दोनों संस्थाओं ने मिलकर कराया है, इसलिए यह नारी सशक्तिकरण की एक मिसाल है।