GAYA पुलिस ने बरामद किया हथियारों का ज़ख़ीरा, एक कुख्यात नक्सली चढ़ा पुलिस के हत्थे।


GAYA : गया पुलिस, STF, SSB 29th Batallion, SSB 32th Batallion व CRPF के संयुक्त ऑपेरशन में बड़ी कामयाबी मिली है। 

सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने हथियारों का ज़ख़ीरा बरामद किया है। इसमें एक लोडेड AK-56 असॉल्ट राइफ़ल, एक चीन निर्मित लोडेड AK-47 असॉल्ट राइफ़ल, 397 राउंड ज़िंदा कारतूस और सात मैगज़ीन शामिल है। साथ ही, डेटोनेटर तार, 3 बॉडी पाउच, 3 जोड़ी जूते, 8 छोटा मोबाइल, 2 बड़ा मोबाइल, 2 हार्ड डिस्क, एक टैब, एक फूलथ्रू, 4 पॉकेट डायरी, एक फ़ोल्डिंग चाक़ू, एक चश्मा का डब्बा, 5 मेमोरी कार्ड, दो पिट्ठू बैग और 6 डेढ़ वोल्ट की बैटरी के अलावा लेवी के तौर पर वसूली के किए गए 1 लाख 14 हज़ार कैश और एक वॉकी टॉकी की भी बरामदगी हुई है। 

एसएसपी हरप्रीत कौर ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर बताया कि पुलिस ने सर्च ऑपरेशन दौरान विभिन्न वारदातों में शामिल भाकपा माओवादी संगठन का कुख्यात नक्सली गया ज़िला के बांकेबाज़ार थाना क्षेत्र के कोठिलवा गांव निवासी अशोक सिंह भोक्ता पिता जगलाल सिंह भोक्ता को एक इंसास राइफ़ल और 165 राउंड ज़िंदा कारतूस के साथ गिरफ़्तार कर लिया। हालांकि, कुख्यात नक्सली गौतम पासवान उर्फ़ अरुण पासवान उर्फ़ ब्रह्मदेव पासवान और अभ्यास अपने हथियार व अन्य सामानों को संदिग्ध के घर छिपाकर घने जंगल तथा पहाड़ का फ़ायदा उठाते हुए फ़रार हो गए।

गिरफ़्तार नक्सली के ख़िलाफ़ गया ज़िले के डुमरिया थाना में और औरंगाबाद ज़िले के मदनपुर थाना में कई मामले दर्ज हैं।

एसएसपी ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर इमामगंज के दुखदपुर गांव में सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। इसमें इमामगंज एसडीपीओ, इमामगंज एसएचओ और तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मियों के सहयोग से ये कामयाबी मिली है।