गया बिहार राकेश कुमार

GAYA : ऑफ़िसर्स् ट्रेनिंग अकादमी गया में 21वीं पासिंग आउट परेड की पूर्व संध्या पर भारतीय जवानों के हैरतअंगेज़ गतिविधियों पर लोगों ने दांतों तले उंगली दबा ली।



जांबाज़ों ने ज़मीन से आसमान तक दमख़म दिखाया। इसमें जेंटलमैन कैडेट्स ने सैन्य प्रशिक्षण, प्रेरक साहसिक कारनामों और युद्ध कौशलों का शानदार प्रदर्शन किया। पासिंग आउट परेड की पूर्व संध्या पर आयोजित मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले में जैंटलमैन कैडेट्स ने घुड़सवारी का जौहर दिखाया। उन्होंने टेंट पेगिंग, ट्रिक राइडिंग और शो जंपिंग का शानदार मुज़ाहिरा किया।




भारतीय जांबाज़ों ने साहसिक कारनामों और युद्ध कौशलों के साथ-साथ जिमनास्टिक और कलाबाज़ी कौशल का भी शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा कलरीपायट्टू और नॉर्थ ईस्ट इंडिया वॉरियर्स टीम के असाधारण मार्शल आर्ट कौशल पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनकी हौसला अफ़ज़ाई की।

ओटीए गया के राज्यवर्धन स्टेडियम में आयोजित इस समारोह में विविध झंडों से सजी माइक्रोलाइट की आकर्षक फ़्लाई पास्ट, स्काईडाइविंग, आर्मी डॉग शो, और एलईडी लाइट से जगमगाती आर्मी बैंड के शानदार प्रदर्शन में दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

ग़ौरतलब है कि ओटीए गया इस सत्र में 64 नए सैन्य अफ़सर देश को सौंपेगा।