अनुमंडल पदाधिकारी सदर गया इंद्रवीर कुमार के द्वारा के पी रोड में लगातार अतिक्रमण व जाम की समस्या के निदान हेतु माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में बैठक की गई। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक नगर पारस नाथ साहू, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, उपनगर आयुक्त, थानाध्यक्ष एवं के पी रोड के दुकानदारों एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित थे।

अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में पूरे के पी रोड को अतिक्रमण मुक्त करते हुए यातायात को पूर्ण बहाल करना है। इसलिए सभी से अनुरोध किया गया कि अविलंब के पी रोड को खाली कर दें। के पी रोड के दुकानदारों ने वेंडिंग जोन बनाने के लिए जगह चिन्हित करने का अनुरोध किया गया जिसपर अनुमंडल पदाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक द्वारा बताया गया कि इस हेतु नगर निगम से वार्ता कर इसका हल निकाले फिलहाल उच्च न्यायालय के आदेश का अनुपालन अति आवश्यक है।

बैठक में सभी दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि दिनांक 15.06.2022 से 18.06.2022 तक सभी दुकानदार निश्चित रूप से के पी रोड में किए गए अतिक्रमण को खाली कर दें। इसपर सभी के द्वारा सहमति व्यक्त की गई। बैठक में उपस्थित उप नगर आयुक्त को निर्देश दिया गया की केपी रोड खाली कराने से पूर्व लगातार दो-तीन दिन तक माइक से अनाउंस किया जाए ताकि जो भी दुकानदार हैं वह अपने दुकान को सुरक्षित तरीके से दिनांक 18.06.2022 से पूर्व वहां से हटा लें।

