अनुमंडल पदाधिकारी गया सदर इंद्रवीर कुमार सह अध्यक्ष विकास मित्र चयन समिति के द्वारा गया सदर अनुमंडल क्षेत्र में चयनित 17 विकास मित्रों को औपबंधिक रूप से नियोजन पत्र दिया गया। दो वार्ड समूहों में विकास मित्रों के लिए मापदंड के अनुसार आवेदन नहीं होने एवम् गलत प्रमाण पत्र के वजह से इन दो पदों पर विकास मित्र का चयन नहीं किया जा सका। सभी चयनित विकास मित्रों को नियोजन पत्र दिए जाने के उपरांत उनका शपथ ग्रहण भी कराया गया एवम् उन्मुखीकरण भी किया गया। सभी विकास मित्रों को सरकारी कार्यों एवं उनके दायित्वों को भी बताया गया। चयन प्रक्रिया के क्रम में बहुत सारे अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच सम्बन्धित अंचलाधिकारी से कराई गई। जांच के क्रम में बहुत लोगों के निवास प्रमाण पत्र गलत पाए गए, कुछ के प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया, कुछ लोगों ने वांछित प्रमाण पत्र जमा नहीं किए थे। जो भी गलत व फर्जी प्रमाण पत्र पाए गए हैं उनपर कारवाई के लिए निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवम् अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी उपस्थित थे।