पिंडदानियों को गया ज़िला प्रशासन दे रहा है उच्च स्तरीय सुविधाएं।
डीएम व एसएसपी हर दिन ले रहे हैं पितृपक्ष मेला का जायज़ा।
सिर्फ़ देवघाट पर भीड़ न लगाएं पिंडदानी। हर घाट पर करें तर्पण : डीएम।
REPORT : FAISAL RAHMANI
GAYA : विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला '22 के अवसर पर देश विदेश से आए लाखों की संख्या में पिंडदानियों को गया ज़िला प्रशासन उच्च स्तरीय सुविधाएं दे रहा है।
इन सुविधाओं और दिन भर की रिपोर्ट लेने के लिए डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम एवं एसएसपी हरप्रीत कौर हर दिन शाम में सुपर ज़ोनल दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों के साथ विष्णुपद अवस्थित संवास सदन के सभागार में बैठक करते हैं।

बैठक में हर दिन संबंधित ज़ोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रवार सभी गतिविधियों से अवगत कराते हैं। समस्याओं और कमियों को आला अफ़सरान ध्यान से सुनते हैं। यदि कोई समस्या या कमी होती है तो उसे दूर की जाती है।
बैठक में वरीय पदाधिकारियों ने बताया कि पिंडदानियों की भारी संख्या में आने के कारण ट्रैफ़िक जाम मुख्य समस्या है। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र के मुख्य सड़कों के किनारे बड़े वाहनों का पड़ाव कर दिए जाने के कारण जाम की स्थिति हो जाती है। वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण धीरे-धीरे जाम लगते-लगते यह बड़े जाम में तब्दील हो जाता है।
डीएम को अवगत कराया गया कि सिजुआर स्टेट धर्मशाला के समीप बड़े एवं छोटे वाहनों का पड़ाव है। इसपर डीएम ने एसडीएम और सिटी डीएसपी को सख़्त निर्देश दिया कि आज रात में ही सिजुआर स्टेट धर्मशाला के मालिक को नोटिस भेजते हुए सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को ट्रैफ़िक थाने में भेजें।
इसके साथ ही उन्होंने राम सागर तालाब के समीप खड़े वाहनों, टिल्हा धर्मशाला के समीप, बंगाली आश्रम के रास्ते तथा समीर तकिया के समीप खड़े वाहनों को आज रात में ही टोचन करते हुए ट्रैफ़िक थाने में भेजने का निर्देश दिया। साथ ही, संबंधित वाहन मालिकों को नोटिस भेजने को कहा।
पितृपक्ष मेले में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए डीएम ने कहा कि ज़िला स्कूल में अतिरिक्त पार्किंग स्थल बनाएं। वहां से तीर्थ यात्रियों को अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचाने के बाद वापस ज़िला स्कूल में ही वाहन पड़ाव करें। उन्होंने ट्रैफ़िक डीएसपी, सदर एसडीएम और उस स्थान पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ज़िला स्कूल में वाहन पड़ाव संबंधित लगातार माइकिंग करवाते रहें।
डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि प्रेतशिला में अतिरिक्त सफ़ाई कर्मियों को लगाते हुए तर्पण सामग्रियों तथा कूड़े का लगातार उठाव करवाएं। उन्होंने तर्पण के कारण हुई प्रेतशिला सरोवर के गंदगी को जाल के माध्यम से पाली वार साफ़ करवाने की हिदायत दी।
बैठक में मौजूद एसएसपी हरप्रीत कौर ने ट्रैफ़िक डीएसपी को निर्देश दिया कि सिकरिया मोड़ से चांदचौरा तथा चांदचौरा से बाईपास जाने वाली मुख्य सड़क के जाम की समस्या की लगातार निगरानी रखें। ताकि तीर्थयात्री ज़्यादा समय तक जाम में न फंसे रहें।
डीएम ने बताया कि 25 सितंबर को पितृपक्ष का समापन है। इसके साथ ही अमावस्या की तिथि है। चूंकि 25 सितंबर को तीर्थ यात्रियों के साथ-साथ ज़िले के स्थानीय लोग भी तर्पण करेंगे। इसे ध्यान में रखते हुए ज़िला प्रशासन सभी स्थानीय नागरिकों से अपील करता है कि गयाजी डैम निर्माण होने के कारण इस वर्ष लोग घाट पर ही तर्पण करेंगे। जबकि पिछले कई वर्षों से जब फल्गु नदी में पानी नहीं रहता था, तो लोग नदियों में जाकर तर्पण करते थे।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष पानी रहने के कारण लोग घाट पर ही तर्पण करेंगे। अत्यधिक भीड़ की स्थिति न बने इसके लिए पिता महेश्वर, पंचदेव धाम, ब्राह्मणी घाट, गजाधर घाट, सीता कुंड, केंदुई घाट तथा अन्य घाट जो फल्गु नदी के समानांतर है। सभी में तर्पण करें।
डीएम ने ज़िला प्रशासन की ओर से पिंडदानियों से अपील किया कि 25 सितंबर अमावस्या को एक साथ सारे लोग देव घाट पर भीड़ न लगाएं। प्रशासन संबंधित सभी घाटों पर पर्याप्त व्यवस्था रखी गई है। सभी आमजन भीड़ से बचने हेतु अन्य घाटों का भी प्रयोग करें।

