नाले में गिरी ज़ख़्मी भैंस को नगर निगम कर्मचारियों ने निकाला।
REPORT : FAISAL RAHMANI
GAYA : गया नगर निगम प्रशासन की तत्परता से शहर के वार्ड नंबर 26 के शिबली कॉलोनी के नाले से एक भैंस को कड़ी मशक़्क़त के बाद निकाल लिया गया।
नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक सत्येंद्र प्रसाद व जमादार सरफ़राज़ आलम और उनकी टीम ने गहरे नाले से भैंस को निकाला।

ग़ौरतलब है कि शिबली कॉलोनी के पीछे गया-मुग़लसराय रेलखंड पर अप रेलवे लाइन पर देर शाम एक पैसेंजर ट्रेन से एक भैंस टकरा गई थी। इस टक्कर में भैंस बुरी तरह ज़ख़्मी हो गई थी और ट्रेन का परिचालन तक़रीबन एक घंटा तक अवरुद्ध रहा था।
भैंस पालक को जब इस हादसे की ख़बर मिली तो उसने दल बल के साथ पहुंच कर अपनी भैंस को किसी तरह पटरी पर से हटाया। उसके बाद उसे पास के नाले में डाल दिया।
शिबली कॉलोनी निवासियों को डर था कि भैंस के मर जाने के बाद उसकी सड़न और बदबू से लोग बीमार हो सकते हैं।
इसी अंदेशा के मद्देनज़र स्थानीय लोगों ने जमादार सरफ़राज़ आलम और फिर नगर आयुक्त से संपर्क किया। नगर आयुक्त के त्वरित निर्देश पर सफ़ाई निरीक्षक सत्येंद्र प्रसाद और जमादार सरफ़राज़ आलम ने जेसीबी की मदद से नाले में गिरी ज़ख़्मी भैंस को कड़ी मशक़्क़त के बाद निकाला।

