Rakesh Kumar
पितृपक्ष मेले के दौरान मंगलवार की सुबह फल्गु नदी के पूर्वी तट स्थित सीता कुंड के पास उस समय अफरातफरी मच गयी, जब 68 वर्षीय पिंडदानी सोनू निवासदेव अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। अचानक हुई घटना से उनके साथ मौजूद परिजन घबरा गये। इसी दौरान मौके पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता सह जीडी पब्लिक स्कूल, लक्खीबाग के निदेशक धर्म साही ने तत्परता दिखाते हुए अचेत पिंडदानी को सीपीआर दिया और उनकी स्थिति संभालने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही सीता कुंड पर तैनात चिकित्सकीय दल मौके पर पहुंचा। चिकित्सकों ने पिंडदानी का प्राथमिक उपचार किया। स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। समय पर मिली प्राथमिक सहायता से परिजनों ने राहत की सांस ली।
बताया गया कि धर्म साही पिछले करीब 10 वर्षों से सीता कुंड में देश-विदेश से आने वाले पिंडदानियों की नि:शुल्क सेवा कर रहे हैं। पितृपक्ष मेले के दौरान वे ‘अतिथि देवो भव’ की भावना के साथ श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे रहते हैं। मंगलवार को भी उनकी तत्परता से अचेत पिंडदानी को तत्काल मदद मिली। परिजनों ने समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए धर्म साही और स्थानीय लोगों के प्रति आभार जताया।
(रिपोर्ट : राकेश कुमार /गया ज़ी )