मेन्यू से भोजन नहीं मिलने की शिकायत पर अमराहा स्कूल पहुंचीं डीपीओ जांच के बाद डीईओ को सौंपी रिपोर्ट
Rakesh Kumar
442

बेलागंज प्रखंड के उर्दू मध्य विद्यालय अमराहा में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिलने की शिकायत के बाद मंगलवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) पूनम कुमारी ने विद्यालय पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान विद्यालय में कुछ अनियमितताएं सामने आने की पुष्टि हुई। डीपीओ ने मध्याह्न भोजन की व्यवस्था के साथ विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और शौचालय की स्थिति का भी जायजा लिया।


ग़ौरतलब है कि पिछले दिनों विद्यालय के बड़ी संख्या में बच्चे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता खराब होने और मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिलने की शिकायत लेकर चाकंद थाना पहुंच गये थे। बच्चों के अचानक थाना पहुंचने से वहां अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी थी। बाद में थानाध्यक्ष की पहल पर बच्चों को समझाकर वापस विद्यालय भेजा गया था। 


बच्चों से ली भोजन की जानकारी


मंगलवार को जांच के दौरान डीपीओ ने बच्चों से सीधे बातचीत की और मध्याह्न भोजन की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। बच्चों ने भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित मेन्यू के अनुरूप खाना नहीं मिलने समेत अन्य समस्याओं से अधिकारी को अवगत कराया। इसके बाद डीपीओ ने विद्यालय की रसोई, भोजन व्यवस्था, परिसर की साफ-सफाई और शौचालय की स्थिति का निरीक्षण किया।


जांच के दौरान दूसरे विद्यालय के एक शिक्षक ने भी उर्दू मध्य विद्यालय अमराहा में गतिविधियों को लेकर शिकायत की। डीपीओ ने शिकायत से संबंधित जानकारी ली और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जांच की।



प्रधानाध्यापक ने आरोपों को बताया निराधार


विद्यालय के प्रधानाध्यापक इकबाल-उर-रहमान ने बताया कि विद्यालय में 210 बच्चे नामांकित हैं और नियमित रूप से मध्याह्न भोजन का संचालन किया जाता है। उन्होंने आरोपों को नकारते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा विद्यालय को परेशान करने के उद्देश्य से बच्चों को उकसाकर थाना भेजा गया था।



जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई


जिला कार्यक्रम पदाधिकारी पूनम कुमारी ने बताया कि विद्यालय की जांच की गयी है। जांच के दौरान सामने आये तथ्यों की रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को सौंप दी गयी है। अब मामले में आगे की कार्रवाई विभागीय स्तर पर की जायेगी।

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH