पितृपक्ष मेला 2026 की तैयारियां तेज, पांच दिनों में होगा मेला क्षेत्र की सड़कों-नालियों का संयुक्त निरीक्षण
Rakesh Kumar
1261

विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 के सफल, भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों की समीक्षा को लेकर शनिवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में सड़क एवं नालियों की मरम्मत, सफाई तथा प्रचार-प्रसार कोषांग की बैठक हुई।


बैठक में डीएम ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र की सभी सड़कों, गलियों और नालियों का अगले पांच दिनों के भीतर वार्ड पार्षदों एवं समाजसेवियों के साथ संयुक्त भौतिक निरीक्षण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान चिन्हित सभी कमियों की सूची तैयार कर अगली समीक्षा बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि समय रहते आवश्यक मरम्मत एवं निर्माण कार्य पूरे कराए जा सकें।


डीएम ने कहा कि इस वर्ष श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों का अनुभव रखने वाली पेशेवर एजेंसी के माध्यम से आउटसोर्सिंग पर सफाई व्यवस्था कराई जाएगी। इसके लिए शीघ्र निविदा प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।


उन्होंने नगर निगम को मेला क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध खटालों और आवारा पशुओं को हटाने, खटाल संचालकों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सभी सार्वजनिक शौचालयों और पियाऊ को पूरी तरह चालू रखने का निर्देश भी दिया। साथ ही मेला क्षेत्र की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का सत्यापन कर मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।


प्रचार-प्रसार कोषांग की समीक्षा के दौरान डीएम ने पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 को और अधिक श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए आम नागरिकों, समाजसेवियों और सभी हितधारकों से सुझाव मांगे। उन्होंने बताया कि इच्छुक लोग अपने सुझाव ppmhasangam@gmail.com पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। उपयोगी सुझावों को मेला प्रबंधन में शामिल किया जाएगा।


डीएम ने विश्वास जताया कि सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों के सहयोग से इस वर्ष का पितृपक्ष मेला स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार बनाया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH