Rakesh Kumar
मंदिर में शादी, अगली सुबह जेवर-नकदी लेकर फरार हुई 'दुल्हन', अंतरराज्यीय गिरोह की आशंका
गया जी। बिहार दैनिक
मानपुर में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कथित 'दुल्हन गैंग' ने मंदिर में शादी रचाने के बाद लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, कपड़े और एक लाख रुपये नकद लेकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित होंडा कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उनके छोटे भाई रवींद्र की शादी कराने के लिए गया की लालमुनि देवी और बहोरा बिगहा निवासी रवि यादव ने संपर्क किया था। बातचीत के दौरान दूल्हा पक्ष से शादी के नाम पर सोने-चांदी के जेवर, कपड़े और एक लाख रुपये कैश ले लिए गए।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत मानपुर के कुम्हार टोली स्थित मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी भी संपन्न करा दी गई। लेकिन अगले दिन विदाई के बाद जब परिवार गया जंक्शन से घर लौटने की तैयारी कर रहा था, तभी एक युवक कथित दुल्हन को बाइक पर बैठाकर वहां से फरार हो गया। इसके बाद परिजनों को ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पूरी साजिश पहले से रची गई थी और इसमें कई लोग शामिल हैं। जांच के दौरान उत्तर प्रदेश के इलियास खान और शकील नामक युवकों की भी संदिग्ध भूमिका सामने आई है, जिससे अंतरराज्यीय गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर एक महिला, जिसे कथित दुल्हन की बहन बताया जा रहा है, तथा उत्तर प्रदेश के एक अधेड़ व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का जल्द खुलासा करने का दावा किया है।
(रिपोर्ट : राकेश कुमार / गया जी )