गुरारू में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़,
Rakesh Kumar
2941

रिपोर्ट /राकेश कुमार 

गया। जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गया पुलिस एवं एसटीएफ ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुरारू थाना क्षेत्र के मथुरापुर डीह गांव में छापेमारी कर एक मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया तथा हथियार तस्कर सालिक मिस्त्री को गिरफ्तार किया गया।




वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देश पर अवैध हथियार रखने वालों और हथियार तस्करों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसटीएफ को सूचना मिली कि मथुरापुर गांव निवासी सालिक मिस्त्री अपने घर में अवैध हथियारों का निर्माण एवं सप्लाई का कार्य कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, टिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें गुरारू थाना पुलिस और एसटीएफ के जवान शामिल थे।

पुलिस टीम ने मथुरापुर डीह स्थित सालिक मिस्त्री के घर की घेराबंदी की। इस दौरान एक व्यक्ति भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सालिक मिस्त्री, पिता बिगन मिस्त्री, निवासी मथुरापुर डीह, थाना गुरारू, जिला गया के रूप में बताई।




गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से एक देशी हथियार, अर्धनिर्मित हथियार, बैरल, हथियारों के विभिन्न पार्ट्स तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त हीट मशीन, ड्रिल मशीन, लोहे काटने की मशीन, कटर, हथौड़ा, छेनी, प्लास, पेचकश सहित बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने इसे एक मिनी गन फैक्ट्री करार दिया है।

बरामद हथियारों और उपकरणों के संबंध में पूछे जाने पर अभियुक्त कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में गुरारू थाना कांड संख्या-247/26, दिनांक 02 सितंबर 2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसी बड़े हथियार तस्करी गिरोह से जुड़ा है या नहीं। अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल पर असर पड़ेगा और अवैध हथियारों के कारोबार पर अंकुश लगेगा।

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH