Rakesh Kumar
मौसम विभाग, रांची द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार 18 अगस्त की सुबह 8:30 बजे से 19 अगस्त की सुबह 8:30 बजे तक झारखंड के कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड में संभावित भारी बारिश को देखते हुए गया जिला प्रशासन ने भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
लगातार एवं अत्यधिक वर्षा की स्थिति में शेरघाटी अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों में स्थानीय स्तर पर जलजमाव एवं बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। वहीं, झारखंड के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा होने पर फल्गु नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो सकती है। इसे देखते हुए बोधगया के बतसपुर तथा गया नगर क्षेत्र में फल्गु नदी के आसपास के निचले एवं संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जिला पदाधिकारी, गया ने सभी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार स्थिति की निगरानी करने का निर्देश दिया है। संभावित जलजमाव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित रखते हुए आवश्यक संसाधनों तथा राहत-बचाव की व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है।
अधिकारियों को नदी, नाले एवं जलजमाव वाले क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि नदी एवं अन्य जलस्रोतों के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और जलजमाव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। लोगों से मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है। जिला प्रशासन ने कहा है कि संभावित भारी वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट एवं तैयार है।