बोधगया में आज से न्यू क्रिमिनल लॉ पर राज्यस्तरीय मंथन, 250 जज और सभी एसपी होंगे शामिल, सीएम करेंगे उद्घाटन
Rakesh Kumar
3487

न्यू क्रिमिनल लॉ के प्रभावी क्रियान्वयन और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मंथन के लिए बोधगया स्थित कन्वेंशन सेंटर में 4 और 5 जुलाई को दो दिवसीय राज्यस्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। बिहार ज्यूडिशियल एकेडमी और बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस सम्मेलन में राज्यभर के न्यायिक और पुलिस प्रशासन के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।


सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश, बिहार के सभी जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक तथा न्यायिक कार्यों से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। कुल मिलाकर करीब 250 न्यायाधीश और बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी इस महत्वपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनेंगे।


आज आयोजित उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होंगे। मुख्यमंत्री विशेष विमान से गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां मंत्रीगण, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना एएन, आईजी विकास वैभव, डीएम शशांक शुभंकर, एसएसपी सुशील कुमार समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उनका स्वागत करेंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा। उनके करीब दो घंटे तक गया में रहने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।


सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पटना हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी भी गया पहुंच चुके हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।


इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। गया शहर से लेकर बोधगया स्थित कन्वेंशन सेंटर तक करीब 1500 पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर संयुक्त आदेश जारी कर दिया है।


सम्मेलन में शामिल होने वाले सभी पुलिस अधीक्षकों, जिला एवं सत्र न्यायाधीशों तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के ठहरने की विशेष व्यवस्था बिपार्ड और बोधगया के विभिन्न होटलों में की गई है। अधिकांश अतिथि शुक्रवार शाम तक गया पहुंच जाएंगे।


एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि सम्मेलन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पूरे आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH