सोशल मीडिया की दोस्ती बनी मुसीबत, होटल में युवती से दुष्कर्म का आरोप; युवक गिरफ्तार
Rakesh Kumar
6301

सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग के बीच गया में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर ऑनलाइन रिश्तों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंस्टाग्राम और फेसबुक के जरिए शुरू हुई युवक-युवती की दोस्ती बाद में गंभीर आपराधिक मामले में बदल गई। युवती के परिजनों की शिकायत पर मुफस्सिल थाना पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।


पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी और धीरे-धीरे संपर्क बढ़ता गया। शनिवार को दोनों मानपुर स्थित एक निजी होटल पहुंचे, जहां युवती ने युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। घटना के बाद युवती की तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले जय प्रकाश नारायण अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया।


पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गया शहर के छोटकी डेल्हा इलाके से आरोपित सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान भी दर्ज कराया गया।


मामले की अनुसंधानकर्ता सब-इंस्पेक्टर शिवानी कुमारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से होने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH