पहले मुआवजा, फिर निर्माण" की मांग पर प्रदर्शन, बंद रहीं दुकानें
Rakesh Kumar
2269

बागेश्वरी गुमटी (71ए) के पास प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य शुरू होने से पहले मुआवजा भुगतान की मांग को लेकर गुरुवार को बागेश्वरी-पावरगंज रोड किनारे की दुकानें और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्वस्फूर्त बंद रहे। प्रभावित लोगों ने "पहले मुआवजा, फिर निर्माण" की मांग को लेकर विरोध जताया और स्पष्ट किया कि उचित मुआवजा मिलने के बाद ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाए।

विरोध के दौरान बड़ी संख्या में दुकानदार और स्थानीय लोग सड़क पर उतरे। हालांकि किसी तरह का सड़क जाम नहीं किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारियों तथा अतिक्रमण हटाने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के समक्ष अपनी मांगें रखीं।


रेल प्रशासन भी रहा अलर्ट, आरपीएफ की तैनाती


संभावित विरोध को देखते हुए रेल प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। आशंका थी कि प्रदर्शनकारी गया-मानपुर रेलखंड की ओर बढ़कर रेल परिचालन प्रभावित कर सकते हैं। इसे देखते हुए आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती बागेश्वरी गुमटी के पास की गई।


वार्ता के बाद बनी सहमति, 15 मीटर तक होगी शुरुआती बैरिकेडिंग


बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता आकाश दीप के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने प्रभावित लोगों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। बातचीत के बाद सहमति बनी कि फिलहाल निर्माण कार्य के लिए केवल 15 मीटर तक ही बैरिकेडिंग की जाएगी। साथ ही स्थानीय लोगों की आवाजाही के लिए 4 से 5 फीट चौड़ा रास्ता खुला रखा जाएगा।


अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आरओबी के अलाइनमेंट के अनुसार जिनकी जमीन या मकान अधिग्रहण की जद में आएंगे, उनकी पहले मापी और सीमांकन कराया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद लोगों ने निर्माण कार्य में सहयोग देने की सहमति जताई।


पहले चरण में पिलरों के लिए होगी खुदाई


पुल निर्माण निगम के अधिकारियों ने बताया कि प्रथम चरण में चिन्हित स्थानों पर पिलरों की नींव के लिए खुदाई की जाएगी। जिन स्थानों पर कार्य होगा, वहां सुरक्षा घेरा बनाकर निर्माण कराया जाएगा ताकि लोगों की आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।


अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी


सदर अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश पर 9 से 11 जुलाई तक बागेश्वरी-पावरगंज रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। पूर्व सूचना मिलने के बाद कई लोगों ने स्वयं ही अपना अतिक्रमण हटा लिया, जबकि शेष लोगों को अगले दो दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है।


शहर को जाम से मिलेगी राहत

बागेश्वरी गुमटी पर बनने वाला आरओबी शहर की लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इस परियोजना को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की स्वीकृति मिल चुकी है तथा बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार इसके निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर चुके हैं।


कलाली मोड़ पर लगाया जा रहा मजबूत बैरियर

इस बीच कलाली मोड़ के पास क्षतिग्रस्त बैरियर की जगह नया और मजबूत लोहे का बैरियर लगाया जा रहा है। अधिकृत एजेंसी बसंत कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराए जा रहे इस कार्य का अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया। नए बैरियर के लगने से भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगेगी और आरओबी निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है।


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH