Rakesh Kumar
गया जी जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में कथित "लुटेरी दुल्हन" का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी की सभी रस्में पूरी होने के कुछ घंटों बाद ही दुल्हन अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गई। पीड़ित दूल्हे का दावा है कि शादी से पहले 1 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए थे और विवाह के दौरान दिए गए सोने-चांदी के गहने भी दुल्हन अपने साथ ले गई।
राजस्थान से सपने सजाकर पहुंचा था दूल्हा
राजस्थान के टोंक जिले के रहने वाले संजय पटवा सोमवार की रात अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ दरियापुर गांव पहुंचे थे। पूरे रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न हुआ। रातभर शादी की रस्में चलती रहीं और मंगलवार सुबह विदाई का समय तय किया गया था।
पहले ऑनलाइन मंगाए रुपये, फिर मिले कीमती गहने
दूल्हे के अनुसार शादी तय होने के दौरान दुल्हन पक्ष ने एक मोबाइल नंबर देकर 1 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए थे। इसके अलावा विवाह के समय दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, ढोलना और अन्य कीमती सामान भी दिया गया था।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शादी केवल पैसे और गहने हासिल करने के लिए रची गई एक सुनियोजित साजिश थी।
सुबह विदाई की तैयारी, लेकिन दुल्हन का घर मिला खाली
शादी के बाद दूल्हा और बारातियों को गांव में ही ठहराया गया था। सुबह जब विदाई की तैयारी शुरू हुई तो ग्रामीणों ने बताया कि दुल्हन के घर पर ताला लगा हुआ है। दूल्हा और उसके परिजन जब मौके पर पहुंचे तो घर पूरी तरह खाली मिला।
आरोप है कि दुल्हन, उसके परिवार और रिश्तेदारों ने रात में ही गांव छोड़ दिया था। घर में कोई मौजूद नहीं था और मोबाइल फोन भी बंद बताए जा रहे हैं।
खुशियां पलभर में बदलीं मायूसी में
जिस घर में रातभर शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां सुबह सन्नाटा पसरा हुआ था। नई जिंदगी की शुरुआत के सपने संजोए दूल्हे और उसके परिवार के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं रही।
पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
घटना के बाद पीड़ित दूल्हे ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी और बेलागंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई राशि और दिए गए गहनों का भी उल्लेख किया गया है।
जांच में जुटी पुलिस
बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में चर्चा का विषय बनी "लुटेरी दुल्हन"
इस घटना के बाद पूरे इलाके में "लुटेरी दुल्हन" की चर्चा हो रही है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने तक आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस फरार बताए जा रहे लोगों की तलाश और मामले की सच्चाई जानने में जुटी हुई है।