Rakesh Kumar
गया जी । गया जिले के चाकंद क्षेत्र की एक शिक्षिका ने साथी शिक्षक समेत तीन लोगों पर एमएलसी बनवाने का झांसा देकर यौन शोषण करने और लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। मामले में न्यायालय के आदेश पर कोतवाली थाना में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बक्सर जिले के रहने वाले प्रकाश, गंगाराम और कृष्णा को नामजद अभियुक्त बनाया है।
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उसकी पहचान शिक्षक प्रकाश से हुई थी। प्रकाश ने उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ते हुए दावा किया कि उसकी पहुंच प्रभावशाली लोगों तक है और वह उसे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी बनवा सकता है। इसी सिलसिले में फरवरी 2024 में उसे वाराणसी में आयोजित एक बैठक में बुलाया गया। आरोप है कि वहां संघ की आवश्यकताओं का हवाला देकर उससे 1.50 लाख रुपये की मांग की गई।
शिक्षिका का आरोप है कि वह रुपये लेकर वाराणसी पहुंची, जहां प्रकाश ने उसे एक होटल में ठहराया। होटल में भोजन के दौरान कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद प्रकाश ने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा अपने सहयोगियों कृष्णा और गंगाराम की मदद से अश्लील वीडियो बना लिया।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि होश में आने के बाद विरोध करने पर उसे जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपित लगातार उसे ब्लैकमेल करते रहे। शिकायत के मुताबिक, आरोपित उसे गया शहर स्थित रेलवे स्टेशन के समीप एक होटल में बुलाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाते थे और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर विभिन्न माध्यमों से कुल 14 लाख 81 हजार रुपये की ठगी कर ली।
पीड़िता ने बताया कि लगातार ब्लैकमेलिंग और आर्थिक शोषण के कारण वह मानसिक रूप से परेशान हो गई है तथा भारी कर्ज के बोझ तले दब गई है।
इधर, न्यायालय के आदेश पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर कुमारी मनीषा सिंह को सौंपी गई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।