बोधगया के युवक के खाते में दिखे 294 करोड़ रुपये, बैलेंस देखकर होश हुआ फाख्ता
Rakesh Kumar
4012

गया जिले के बोधगया प्रखंड अंतर्गत मस्तपुरा गांव के एक युवक के बैंक खाते में अचानक 294 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि दिखाई देने से इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। पेशे से इलेक्ट्रिकल और प्लंबर मिस्त्री का काम करने वाले युवक ने जब मोबाइल ऐप के जरिए अपना बैंक बैलेंस देखा तो उसकी आंखें फटी की फटी रह गईं। घटना की जानकारी फैलते ही गांव में लोगों का जमावड़ा लग गया और हर कोई इस अनोखी घटना को लेकर चर्चा करने लगा।


जानकारी के अनुसार मस्तपुरा गांव निवासी विकास कुमार, पिता जीवलाल रविदास, पिछले करीब पांच वर्षों से जियो पेमेंट्स बैंक का खाता संचालित कर रहे हैं। विकास ने बताया कि दो दिन पहले उन्होंने जियो फाइनेंस ऐप के माध्यम से अपने खाते का बैलेंस चेक किया था। उस समय खाते में 2 अरब 94 करोड़ 80 लाख रुपये की राशि प्रदर्शित हो रही थी। इतनी बड़ी रकम देखकर पहले तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ और उन्होंने इसे तकनीकी गड़बड़ी समझकर नजरअंदाज कर दिया।


हालांकि गुरुवार शाम जब उन्होंने दोबारा अपना बैलेंस देखा तो खाते में फिर वही राशि दिखाई दी। इसके बाद उनकी चिंता बढ़ गई। विकास का कहना है कि उनके खाते से अब तक कुल मिलाकर छह से सात लाख रुपये तक का ही लेनदेन हुआ है। ऐसे में अचानक खाते में सैकड़ों करोड़ रुपये दिखना समझ से परे है।


विकास ने बताया कि उन्होंने पूरी सावधानी बरतते हुए खाते से किसी प्रकार की निकासी या लेनदेन करने का प्रयास नहीं किया। उन्हें आशंका है कि यह बैंकिंग सिस्टम की कोई तकनीकी त्रुटि या सॉफ्टवेयर संबंधी गड़बड़ी हो सकती है। उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों से मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।


इधर, युवक के खाते में करोड़ों रुपये आने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते विकास के घर पर लोगों का आना-जाना शुरू हो गया। आसपास के गांवों से भी लोग जानकारी लेने पहुंचने लगे। कोई इसे तकनीकी खामी बता रहा है तो कोई इसे बैंकिंग सिस्टम की बड़ी चूक मान रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि डिजिटल बैंकिंग के दौर में इस तरह की घटनाएं लोगों के बीच जिज्ञासा और चिंता दोनों पैदा करती हैं। वहीं विकास कुमार का कहना है कि बैंक को जल्द से जल्द मामले की जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए, ताकि लोगों का डिजिटल बैंकिंग व्यवस्था पर भरोसा बना रहे।


फिलहाल बैंक की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाते में दिखाई दे रही यह भारी-भरकम राशि तकनीकी त्रुटि का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। लेकिन फिलहाल बोधगया का यह युवक और उसका गांव इस अनोखी घटना को लेकर चर्चा के केंद्र में बना हुआ है।


(रिपोर्ट : राकेश कुमार /गया )


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH