Rakesh Kumar
गया जी शहर के दुर्गाबाड़ी रोड स्थित शंकर घराना अपार्टमेंट में संचालित स्वास्थ्य क्लीनिक द्वारा स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी जांच और चिकित्सकीय सलाह का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान जनरल फिजिशियन डॉ. आनंद गौरव एवं फिजियोथेरेपिस्ट एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित कुमार सिंह ने मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क परामर्श दिया। शिविर में सबसे अधिक मरीज जोड़ों के दर्द, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, थायराइड, लीवर संबंधी बीमारियों एवं गठिया जैसी समस्याओं से पीड़ित पाए गए।
आयोजकों ने बताया कि सभी जरूरतमंद मरीजों का आधुनिक मशीन के माध्यम से लीवर फंक्शन टेस्ट (एलएफटी) पूरी तरह निःशुल्क किया गया। इस सुविधा का लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया।
चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। शिविर के सफल संचालन में नर्सिंग स्टाफ सत्येंद्र कुमार, सोनी कुमारी, निक्की कुमारी एवं सुशांत कुमार सिंह सहित अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की आवश्यकता बताई।