सुरक्षा करने वाला ही सुरक्षित नहीं : सीएम सुरक्षा में तैनात जवान के घर से बोलेरो चोरी
Rakesh Kumar
1765

गया जी । प्रदेश के मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवान के घर से ही चोरों द्वारा बोलेरो वाहन चोरी कर लिया जाना कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। विडंबना यह है कि जो जवान वीआईपी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहा है, उसके अपने घर की सुरक्षा ही अपराधियों के सामने बेबस साबित हुई।


खिजरसराय के सरबहदा थाना क्षेत्र स्थित नरौनी गांव में शुक्रवार देर रात चोरों ने मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात जवान सौरभ कुमार के घर के बाहर खड़ी बोलेरो पर हाथ साफ कर दिया। अपराधियों ने वारदात को इतनी शातिराना ढंग से अंजाम दिया कि परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। हालांकि उनकी पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।


फुटेज के अनुसार रात करीब 12:15 बजे एक मारुति कार से कुछ संदिग्ध गांव पहुंचे और लगभग 20 मिनट तक इलाके की रेकी करते रहे। इसके बाद रात 12:35 बजे वे बोलेरो लेकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी परिजनों को तब हुई जब देर रात उनकी नींद खुली और दरवाजे पर खड़ी गाड़ी गायब मिली।


घटना ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात जवान के घर के बाहर खड़ी गाड़ी भी सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।


जवान सौरभ कुमार की ओर से उनके पिता अशोक कुमार ने सरबहदा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी निशा कुमारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी की इस घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।


इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों के घर भी अपराधियों के निशाने पर हैं, तब आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस कर सकते हैं।


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH