गुरुआ में फिल्मी अंदाज़ में 40 लाख की ज्वेलरी लूट, कारोबारी को गोली मार फरार हुए बदमाश
Rakesh Kumar
2101


गया जिले के गुरुआ बाजार में बुधवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हथियारों से लैस अपराधियों ने फिल्मी अंदाज़ में बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देते हुए ज्वेलरी कारोबारी को गोली मार दी और करीब 40 लाख रुपये के जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरा बाजार दहल उठा और लोग जान बचाने के लिए दुकानों में छिप गए।


जानकारी के अनुसार गुरुआ बाजार स्थित एस ब्रदर्स ज्वेलरी दुकान के संचालक प्रभाकर कुमार वर्णवाल रोज की तरह बुधवार शाम करीब सात बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने उन्हें बीच रास्ते में घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों के हाथों में हथियार थे और उन्होंने बिना देर किए फायरिंग शुरू कर दी।


गोली लगते ही प्रभाकर कुमार सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधियों ने उनके हाथ से जेवरात, जरूरी कागजात और अन्य सामान से भरा बैग छीन लिया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 40 लाख रुपये मूल्य के जेवरात थे। वारदात के दौरान दुकान के स्टाफ सुभाष कुमार भी घायल हो गए।



गोलियों की आवाज़ से कांपा गुरुआ बाजार


घटना के बाद पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। चश्मदीदों के अनुसार अपराधी लगातार फायरिंग करते हुए गुरुआ बस स्टैंड की ओर से आए और वारदात को अंजाम देने के बाद बरतल्ला मोड़ होते हुए गुरारू की दिशा में भाग निकले। भागते समय भी बदमाश हवा में गोलियां चलाते रहे, जिससे बाजार में दहशत फैल गई।


घायल प्रभाकर कुमार ने बताया कि अपराधियों ने तीन से चार राउंड फायरिंग की। उन्होंने कहा कि जैसे ही गोली चली, वे नीचे बैठ गए, लेकिन एक गोली उन्हें लग गई। उन्होंने यह भी बताया कि पांच अपराधियों में चार ने गमछे से चेहरा ढंक रखा था, जबकि एक का चेहरा खुला था। सभी अपराधी कम उम्र के लग रहे थे।



“पहली गोली सिर के पास से निकली”


दुकान के स्टाफ सुभाष कुमार ने बताया कि अपराधियों ने बेहद खतरनाक तरीके से हमला किया। उन्होंने कहा कि पहली गोली उनके सिर के पास से गुजर गई, दूसरी बार भी वे बाल-बाल बच गए। तीसरी बार फायरिंग शुरू होते ही वे जान बचाने के लिए पास की दुकान में छिप गए। इसी दौरान बदमाश बैग लेकर फरार हो गए।



सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, कई जगह छापेमारी


घटना की सूचना मिलते ही गुरुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस वारदात को सुनियोजित अपराध मानकर जांच कर रही है।


गुरुआ बाजार में हुई इस दुस्साहसिक लूट के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय कारोबारियों में भय का माहौल है। बुधवार की यह वारदात एक बार फिर इलाके की कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर गई है।


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH