Rakesh Kumar
गया जिले के इमामगंज प्रखंड अंतर्गत कुजेसर पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में आगामी 2 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने स्थल निरीक्षण किया। संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
निरीक्षण टीम में एडीएम विभागीय जांच रवि शंकर शर्मा, शेरघाटी एसडीओ मनीष कुमार, नगर पंचायत इमामगंज के कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष रंजन पाण्डेय, बीडीओ संजय कुमार तथा सीओ सुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने सभा स्थल, प्रस्तावित हेलीपैड और पंचायत सरकार भवन का बारीकी से जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस दौरान अधिकारियों ने पंचायत सरकार भवन में पंचायत के मुखिया अजीत कुमार उर्फ पिंटू लाल से भी कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। मुखिया ने बताया कि सोमवार को उनकी मुलाकात मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से हुई थी, जिसमें सहयोग शिविर में शामिल होने का आग्रह किया गया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आने का आश्वासन दिया है।