म्यांमार के राष्ट्रपति के बोधगया दौरे को लेकर हाई अलर्ट, सुबह 8 बजे से कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक
Rakesh Kumar
1618

म्यांमार के राष्ट्रपति जनरल मिन आंग ह्लाइंग के शनिवार, 30 मई को प्रस्तावित बोधगया दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की है। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए पूरे बोधगया क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है तथा विधि-व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है। प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार शनिवार सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक कई महत्वपूर्ण मार्गों पर आम वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

जिला प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान के तहत एयरपोर्ट से पहले 05 नंबर गेट, हवाई अड्डा, टेकुना फार्म, दोमुहान, नोड नंबर-01, महाबोधि मंदिर, पचहट्टी, बकरौर, सुजाता मंदिर तथा मतंगवापी तक जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान केवल आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा नोड नंबर-01 से वेलकम होटल और महाबोधि मेडिटेशन सेंटर तक भी आम वाहनों के परिचालन पर रोक लगायी गयी है।


राष्ट्रपति के दौरे को लेकर बोधगया में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत किया गया है। महाबोधि मंदिर परिसर, होटल, मुख्य सड़क मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आने-जाने वाले लोगों की जांच भी की जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रपति महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसे लेकर सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विशेष इंतजाम किए गए हैं।


यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने गया और बोधगया के बीच वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया है। आम वाहन चालक शेरघाटी-चेरकी-गुलेरियाचक-सिकरिया मोड़ मार्ग का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।


जिला प्रशासन ने कहा है कि राष्ट्रपति के दौरे को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं तथा आम नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गयी है।


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH