म्यांमार के राष्ट्रपति शनिवार को पहुंचेंगे बोधगया, सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
Rakesh Kumar
1681

म्यांमार के राष्ट्रपति जनरल मिन आंग ह्लाइंग शनिवार को बोधगया पहुंचेंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर पूरे बोधगया में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गयी हैं और महाबोधि मंदिर परिसर से लेकर शहर की प्रमुख सड़कों तक विशेष निगरानी रखी जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार म्यांमार के राष्ट्रपति बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके अलावा उनके बोधगया स्थित बर्मीज विहार बौद्ध मठ जाने की भी संभावना जतायी जा रही है। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मंदिर परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गयी है और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है।



गया एयरपोर्ट पर होगी हाईलेवल बैठक


राष्ट्रपति के आगमन से पहले बुधवार की दोपहर गया एयरपोर्ट पर म्यांमार से आये सुरक्षा अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जायेगी। बैठक में जिला प्रशासन, एयरपोर्ट प्रशासन तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारी शामिल होंगे. सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति विशेष विमान से गया एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे सीधे महाबोधि मंदिर जाकर पूजा-दर्शन करेंगे।


बताया जा रहा है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे उसी दिन वापस लौट सकते हैं। हालांकि इससे पहले उनके एक दिवसीय प्रवास की संभावना भी जतायी जा रही थी।


बैठक के बाद तय होगा पूरा कार्यक्रम


प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार बुधवार को एयरपोर्ट पर होने वाली बैठक के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि राष्ट्रपति जनरल मिन आंग ह्लाइंग बोधगया में रुकेंगे या शनिवार को ही वापस लौट जायेंगे। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए तैयारी में जुटी हुई हैं।


राष्ट्रपति के आगमन को लेकर बोधगया में साफ-सफाई और सजावट का कार्य भी तेज कर दिया गया है। महाबोधि मंदिर परिसर सहित प्रमुख मार्गों को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। प्रशासन ने कहा है कि दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जायेगी।


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH