बकरीद को लेकर गया में हाई अलर्ट, डीएम व नगर एसपी ने अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती की चेतावनी
Rakesh Kumar
1681


बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ विशेष ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गयी। बैठक में बकरीद के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों की निगरानी और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या आपत्तिजनक संदेश फैलाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है। साइबर सेल और साइबर सेनानी लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निगरानी कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।


डीएम ने बताया कि जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।


बैठक में गया नगर निगम के अधिकारियों को भी कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि बकरीद के दिन सुबह चार बजे से ही शहर में पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाए तथा सभी सफाईकर्मी अपने-अपने क्षेत्रों में उपकरणों और मैनपावर के साथ तैनात रहें। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी दंडाधिकारी सुबह पांच बजे तक अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर हर हाल में मौजूद रहें।


नगर निगम को निर्देश दिया गया कि गांधी मैदान, कर्बला, मस्जिदों और मदरसों के आसपास विशेष साफ-सफाई करायी जाए। गांधी मैदान में ईद की नमाज को देखते हुए स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव कराने तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में पानी टैंकर उपलब्ध कराने को कहा गया। गर्मी को देखते हुए पीएचईडी विभाग के साथ समन्वय कर पर्याप्त पानी उपलब्ध रखने का निर्देश भी दिया गया।


नगर आयुक्त ने बताया कि गया नगर निगम क्षेत्र के 22 वार्डों को चिन्हित किया गया है, जहां बकरीद को लेकर विशेष माइक्रोप्लान तैयार किया गया है। कुर्बानी के बाद निकलने वाले वेस्ट मटेरियल के उठाव और डिस्पोजल के लिए पर्याप्त संख्या में कवर वाहनों की व्यवस्था की गयी है। सभी वेस्ट मटेरियल को नैली डंपिंग यार्ड में बनाए गए विशेष गड्ढों में डिस्पोज किया जाएगा।


जिला पदाधिकारी ने सभी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों का पुलिस पदाधिकारियों के साथ निरीक्षण कर स्थानीय आसूचना का संग्रहण करें। समाहरणालय में स्थापित जिला कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी वरीय उप समाहर्ता नैना झा को दी गयी है। कंट्रोल रूम सुबह चार बजे से ही सभी क्षेत्रों में अधिकारियों की उपस्थिति और स्थिति की निगरानी करेगा।


वहीं नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और थानाध्यक्षों को संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कराने तथा लगातार गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपसी सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। मोटरसाइकिल गश्ती दल भी सक्रिय रहेगा तथा धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी। सीसीटीवी व्यवस्था की भी जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।


बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी तथा सभी प्रखंडों के बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH