Rakesh Kumar
गया जी शहर के बिल्डर सह जदयू महानगर अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद उर्फ राजू बरनवाल को जान से मारने की धमकी देने के मामले में सिविल लाइंस थाना पुलिस ने कुख्यात अपराधी डॉन अजगर उर्फ धीरज वर्णवाल उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गया शहर के नादरागंज-मल्लाह टोली मुहल्ले का रहने वाला बताया जाता है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव के दौरान आरोपी ने कन्या पाठशाला रोड स्थित रमना मुहल्ले में राजू बरनवाल के घर पर धमकी भरे पोस्टर चिपकाए थे। आरोप है कि उसने रंगदारी की मांग करते हुए गोली मारकर हत्या करने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में 15 अक्टूबर 2025 को राजू बरनवाल के बयान पर सिविल लाइंस थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया गया था।
मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसे पूर्व में कोतवाली थाना पुलिस भी एक अन्य मामले में जेल भेज चुकी है।
सिविल लाइंस थानाध्यक्ष शमीम अहमद ने बताया कि राजू बरनवाल से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कुख्यात डॉन अजगर उर्फ सोनू बरनवाल उर्फ धीरज को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।