जमीन कारोबारी की गला दबाकर हत्या, हाईवे किनारे फेंका शव
Rakesh Kumar
2101

गया जिले में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के पथरौरा हाईवे के समीप एक जमीन कारोबारी का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचायती अखाड़ा/नीम गली निवासी मोहम्मद इश्तियाक के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता थे। हाईवे किनारे शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।


प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक के गले पर काले निशान मिलने के बाद परिजनों ने साफ तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले किसी दूसरे स्थान पर वारदात को अंजाम दिया और फिर पहचान छिपाने के लिए शव को सुनसान हाईवे किनारे फेंक दिया।



दो दिन से गायब थे इश्तियाक, परिवार खोजता रहा


परिजनों के मुताबिक मोहम्मद इश्तियाक पिछले दो दिनों से लापता थे। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन सोमवार सुबह अचानक शव मिलने की सूचना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। घर में चीख-पुकार और मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


स्थानीय लोगों के अनुसार इश्तियाक लंबे समय से जमीन खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े हुए थे और शहर में उनका अच्छा नेटवर्क था। बताया जा रहा है कि उनका कई लोगों के साथ पैसों का लेन-देन चल रहा था। इसी विवाद को हत्या की बड़ी वजह माना जा रहा है।



हाईवे पर शव मिलने से फैली दहशत


पथरौरा हाईवे के किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मगध मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम सुराग जुटाने का दावा किया है।


घटना के विरोध में पंचायती अखाड़ा मोहल्ले के आक्रोशित लोगों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी देखी गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शहर में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और कारोबारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।



कहीं और हत्या कर शव यहां फेंका गया


मगध मेडिकल थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा,

“पथरौरा हाईवे के समीप एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान मोहम्मद इश्तियाक के रूप में हुई है। आशंका है कि गला दबाकर हत्या की गई है। संभव है कि घटना को कहीं और अंजाम देकर शव यहां फेंका गया हो। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।”


पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।


कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ

सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मोबाइल कॉल डिटेल, आखिरी लोकेशन और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर मोहम्मद इश्तियाक आखिरी बार किसके साथ देखे गए थे।


इस सनसनीखेज हत्या ने गया शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। खासकर प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े लोगों में भय और चिंता साफ दिखाई दे रही है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH