Rakesh Kumar
अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए नगर पर्षद द्वारा 120 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। मुख्य सड़कों और प्रमुख स्थलों पर लगाए गए इन कैमरों की मदद से दिन-रात गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
नगर पर्षद क्षेत्र में गया-डोभी रोड पर एयरपोर्ट क्षेत्र के खरांटी से लेकर दोमुहान तक कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा दोमुहान से महाबोधि मंदिर, कालचक्र मैदान, बर्मा मोड़, गांधी चौक, पच्छट्टी मोड़, बकरौर मोड़, नीमा मोड़ और राजापुर मोड़ तक सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है।
नगर पर्षद कार्यालय और थाने में बना मॉनिटरिंग पैनल
सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग के लिए नगर पर्षद कार्यालय और बोधगया थाना में विशेष कंट्रोल पैनल स्थापित किए गए हैं। यहां से लगातार फुटेज पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि पहले लगाए गए कई कैमरे खराब हो चुके थे। फिलहाल 100 नए कैमरे लगाए गए हैं और अब कुल 120 कैमरों से बोधगया की प्रमुख सड़कों और संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा रही है।
सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील है बोधगया
बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि कैमरों की मदद से प्रमुख स्थलों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
गौरतलब है कि वर्ष 2013 में महाबोधि मंदिर समेत कई स्थानों पर सिलेंडर बम विस्फोट हुए थे, जबकि वर्ष 2018 में भी मंदिर क्षेत्र में बम प्लांट किए गए थे। उन मामलों की जांच में सीसीटीवी फुटेज काफी सहायक साबित हुए ।