मंच पर भाषण दे रहे जीतनराम मांझी पर हुआ पथराव, बाल-बाल बचे केंद्रीय मंत्री
Rakesh Kumar
1723

बिहार के गया जिले में शुक्रवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के कार्यक्रम के दौरान मंच पर अचानक पत्थर फेंका गया। पत्थर सीधे मंच की ओर आया और कुछ पल के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात रही कि मंत्री बाल-बाल बच गए, लेकिन सुरक्षा में तैनात उनका अंगरक्षक घायल हो गया।


घटना खिजरसराय प्रखंड के सिसवर गांव स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल की बताई जा रही है, जहां केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी एक कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। मंच से संबोधन शुरू होते ही अचानक पीछे की ओर से तेज रफ्तार में पत्थर फेंका गया। पत्थर मंच के बेहद करीब आकर गिरा, जिससे मंच पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पत्थर लगते ही सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल मंत्री को चारों तरफ से घेर लिया। कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान सुरक्षा में तैनात एक अंगरक्षक को चोट लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए खिजरसराय थाना पुलिस ने मौके से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक घटना के तुरंत बाद पीछे की तरफ से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह महज शरारत थी या फिर किसी बड़ी साजिश के तहत हमला किया गया।


घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंत्री के कार्यक्रम में इस तरह पत्थर फेंका जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। वहीं कुछ लोग इसे प्रशासन को बदनाम करने की साजिश भी बता रहे हैं।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और कार्यक्रम स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH