भीषण गर्मी में दांतों और मसूड़ों का रखें खास ख्याल : डॉ. लवली कुमारी
Rakesh Kumar
379

इन दिनों गया में गर्मी अपने चरम पर है। तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। तेज धूप, लू और शरीर में पानी की कमी का असर सिर्फ स्वास्थ्य पर ही नहीं, बल्कि दांतों और मसूड़ों पर भी पड़ रहा है। ऐसे में लोगों को ओरल हेल्थ को लेकर अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। इसी विषय पर बिहार दैनिक ने गया की प्रसिद्ध डेंटल सर्जन, कॉस्मेटोलॉजिस्ट एवं आरसी डेंटल क्लीनिक की संचालक डॉ. लवली कुमारी से विशेष बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश—


प्रश्न : गर्मियों का असर दांतों और मसूढ़ों पर किस तरह पड़ता है?


उत्तर : गर्मियों में सबसे बड़ी समस्या शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की होती है। जब शरीर में पानी कम होता है तो मुंह सूखने लगता है और लार कम बनने लगती है। लार हमारे दांतों और मसूढ़ों को बैक्टीरिया से बचाने का काम करती है। मुंह सूखने पर बदबू, मसूढ़ों में सूजन, संक्रमण और कैविटी की समस्या तेजी से बढ़ सकती है।



प्रश्न : गर्मियों में दांतों को स्वस्थ रखने के लिए सबसे जरूरी बात क्या है?


उत्तर : सबसे जरूरी है पर्याप्त मात्रा में पानी पीना। दिनभर पानी पीने से मुंह सूखता नहीं और लार बनती रहती है। इससे दांत और मसूढ़े सुरक्षित रहते हैं। कई लोग गर्मी में सिर्फ कोल्ड ड्रिंक या पैक्ड जूस लेते हैं, लेकिन यह नुकसानदायक हो सकता है।


प्रश्न : लोग गर्मी में आइसक्रीम और ठंडी चीजें ज्यादा खाते हैं। क्या इससे दांतों को नुकसान होता है?


उत्तर : हां, बार-बार बहुत ठंडी चीजें खाने से दांतों की संवेदनशीलता बढ़ सकती है। अचानक बहुत ठंडा और बहुत गरम खाने से दांतों की ऊपरी परत यानी एनामेल प्रभावित होता है। इससे दांतों में झनझनाहट और दर्द की शिकायत बढ़ जाती है।


प्रश्न : कोल्ड ड्रिंक और मीठे पेय पदार्थों का क्या असर पड़ता है?


उत्तर : कोल्ड ड्रिंक, स्पोर्ट्स ड्रिंक और पैक्ड जूस में शुगर और एसिड बहुत ज्यादा होता है। इससे दांतों में कैविटी बनने का खतरा बढ़ता है और एनामेल धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है। लोग जितना हो सके सादा पानी, नींबू पानी, नारियल पानी या घर के बने पेय पदार्थ लें।


प्रश्न : गर्मियों में ब्रश करने को लेकर क्या सावधानी रखनी चाहिए?


उत्तर : दिन में कम से कम दो बार ब्रश जरूर करना चाहिए। रात में सोने से पहले ब्रश करना सबसे ज्यादा जरूरी है क्योंकि रातभर बैक्टीरिया तेजी से बढ़ते हैं। हमेशा सॉफ्ट टूथब्रश और फ्लोराइड टूथपेस्ट का इस्तेमाल करें। बहुत जोर से ब्रश करना भी नुकसानदायक हो सकता है।


प्रश्न : मसूढ़ों को स्वस्थ रखने के लिए क्या करना चाहिए?


उत्तर : मसूढ़ों की देखभाल भी उतनी ही जरूरी है जितनी दांतों की। लोग अक्सर सिर्फ दांत साफ करते हैं लेकिन मसूढ़ों पर ध्यान नहीं देते। रोजाना सही तरीके से ब्रश करें, फ्लॉस का इस्तेमाल करें और विटामिन-सी युक्त फल जैसे संतरा, मौसमी और अमरूद खाएं। इससे मसूड़े मजबूत रहते हैं। अगर मसूढ़ों से खून आए या सूजन हो तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।


प्रश्न : क्या गर्मी में मुंह की दुर्गंध की समस्या भी बढ़ जाती है?


उत्तर : बिल्कुल। मुंह सूखने और पानी कम पीने से बैक्टीरिया बढ़ते हैं, जिससे बदबूदार सांस यानी बैड ब्रीथ की समस्या होती है। जीभ की सफाई न करना भी इसका एक कारण है। इसलिए जीभ साफ करना और पर्याप्त पानी पीना जरूरी है।


प्रश्न : डिहाइड्रेशन का मुंह और मसूढ़ों पर क्या असर पड़ता है?


उत्तर : डिहाइड्रेशन होने पर मसूढ़े सूखे और चिपचिपे लगने लगते हैं। उनमें सूजन और ब्लीडिंग की संभावना बढ़ जाती है। कई बार मुंह में जलन, छाले और होंठ फटने जैसी समस्या भी होने लगती है। कुछ लोगों को बोलने और निगलने में भी परेशानी महसूस होती है।


प्रश्न : ऐसे कौन-से संकेत हैं जिनसे समझा जा सकता है कि शरीर में पानी की कमी हो रही है?


उत्तर : बार-बार प्यास लगना, चिपचिपी लार, सूखी जीभ, फटे होंठ, मुंह में जलन और सांस से बदबू आना डिहाइड्रेशन के सामान्य संकेत हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत पानी और इलेक्ट्रोलाइट लेना चाहिए।


प्रश्न : खाने-पीने में किन चीजों को शामिल करना चाहिए?


उत्तर : खीरा, गाजर, सेब और तरबूज जैसे फल और सब्जियां बहुत फायदेमंद हैं। ये मुंह को प्राकृतिक रूप से साफ रखने में मदद करते हैं और शरीर में पानी की मात्रा भी बनाए रखते हैं। ज्यादा मसालेदार और बहुत मीठी चीजों से बचना चाहिए।


प्रश्न : बच्चों के दांतों को लेकर गर्मियों में क्या सावधानी रखनी चाहिए?


उत्तर : बच्चों को रंग-बिरंगी शुगर वाली आइस कैंडी और ज्यादा कोल्ड ड्रिंक देने से बचें। बाहर खेलने के बाद उन्हें ओआरएस, नारियल पानी या सादा पानी जरूर दें। बच्चों को रात में ब्रश करने की आदत डालनी चाहिए, वरना जल्दी कैविटी हो सकती है।


प्रश्न : डॉक्टर से संपर्क कब करना चाहिए?


उत्तर : यदि मसूढ़ों से लगातार खून आए, मुंह सूखा रहे, बार-बार छाले हों, दांतों में दर्द या सेंसिटिविटी बढ़ जाए तो तुरंत डेंटिस्ट से जांच करवानी चाहिए। छोटी समस्या को नजरअंदाज करने पर बाद में बड़ी परेशानी हो सकती है।


प्रश्न : अंत में लोगों के लिए आपका क्या संदेश है?


उत्तर : लोग अक्सर शरीर की देखभाल तो करते हैं लेकिन ओरल हेल्थ को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि मुंह स्वस्थ रहेगा तभी शरीर भी स्वस्थ रहेगा। गर्मियों में थोड़ी सावधानी रखकर दांतों और मसूढ़ों की कई समस्याओं से बचा जा सकता है।

(फैसल रहमानी / चीफ एडिटर )

(राकेश कुमार / ब्यूरो चीफ )






Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH