Rakesh Kumar
गया ज़िले के चाकंद थाना क्षेत्र अंतर्गत पीरबिगहा गांव में महज 300 रुपये की बकाया मजदूरी मांगना एक गरीब मजदूर के लिए जानलेवा साबित हुआ। गांव के ही ठेकेदार के यहां मजदूरी मांगने गए 30 वर्षीय पेंटर इरफान साह की ईंट, डंडा, पाइप और पत्थरों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। घटना में मृतक का छोटा भाई मो. रिजवान भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज गया के एक अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान पीरबिगहा गांव निवासी इरफान शाह (30 वर्ष), पिता बड़े शाह, के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार इरफान गांव के ही ठेकेदार मुन्ना शाह उर्फ मोइन शाह के यहां पुताई और मजदूरी का काम करता था। उसकी करीब 300 रुपये मजदूरी कई दिनों से बकाया थी।
बताया जाता है कि मंगलवार की रात करीब नौ बजे इरफान शाह अपने भाई मो. रिजवान के साथ बकाया मजदूरी मांगने ठेकेदार के घर पहुंचा था। इसी दौरान पैसे के लेन-देन को लेकर ठेकेदार मुन्ना शाह, कय्यूम शाह तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि ठेकेदार और उसके परिवार के लोगों ने मिलकर इरफान शाह पर ईंट, डंडा, नल-जल योजना में इस्तेमाल होने वाले पाइप और पत्थरों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई मो. रिजवान को भी बेरहमी से पीटा गया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए इरफान को मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। वहीं रिजवान की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी रवि प्रकाश सिंह, चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार तथा बेलागंज अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गया भेज दिया।
वारदात के बाद आरोपी ठेकेदार अपने परिवार सहित घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
चाकंद थानाध्यक्ष शिवम कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर मुन्ना शाह और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।
वहीं, लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी रवि प्रकाश सिंह ने कहा कि यह बेहद गंभीर और जघन्य घटना है। मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।