Rakesh Kumar
गया जिले के डोभी प्रखंड में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। उचित मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय किसानों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए पांच लोगों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार डोभी प्रखंड के मौलानगर के समीप एनके प्राइवेट लिमिटेड द्वारा अधिग्रहीत भूमि को समतल करने का कार्य कराया जा रहा था। मशीनें और मजदूर निर्माण कार्य में जुटे थे, तभी बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौके पर पहुंच गए और काम बंद करा दिया। किसानों का आरोप था कि उनकी जमीन का उचित मुआवजा अब तक नहीं मिला है। उन्होंने प्रशासन और कंपनी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कार्य रोक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बहेरा थानाध्यक्ष रविरंजन कुमार ने इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को दी। इसके बाद डोभी, बाराचट्टी और बहेरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया।
बहेरा थानाध्यक्ष रविरंजन कुमार ने बताया कि मजदूरों और मशीनों को जबरन रोकने की सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। उग्र प्रदर्शन कर रहे पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
गौरतलब है कि अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजना का निर्माण कार्य डोभी प्रखंड में पिछले एक महीने से तेजी से चल रहा है। निर्माण एजेंसी ने प्रखंड मुख्यालय में अपना अस्थायी कार्यालय भी स्थापित कर लिया है। इस परियोजना से इलाके में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि भूमि अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर किसानों की नाराजगी लगातार सामने आ रही है, जिससे समय-समय पर विवाद की स्थिति बन रही है।