फेसबुक फ्रेंडशिप से साइबर ठगी, युवक से 10.67 लाख रुपये ऐंठे
Rakesh Kumar
1975

गया जिले के गुरुआ बाजार निवासी आत्मेश कुमार सुमन साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर गिरोह से जुड़ी पल्लवी अग्रवाल नामक एक युवती ने फेसबुक के माध्यम से संपर्क कर बिजनेस में मुनाफे का लालच देकर उनसे 10 लाख 67 हजार 270 रुपये की ठगी कर ली। मामले को लेकर पीड़ित के बयान पर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


पीड़ित आत्मेश कुमार सुमन ने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर पल्लवी अग्रवाल नामक युवती से उनकी पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप के जरिए बातचीत शुरू हुई। युवती ने खुद को बिजनेस से जुड़ा बताते हुए निवेश करने पर अच्छा लाभ मिलने का भरोसा दिलाया।


आरोप है कि युवती ने अपने अन्य सहयोगियों से भी संपर्क कराया, जो लगातार अधिक मुनाफे का लालच देकर मानसिक रूप से दबाव बनाते रहे। शुरुआत में कुछ राशि वापस भी की गई, जिससे पीड़ित का विश्वास बढ़ गया।


पीड़ित के अनुसार पांच मार्च से 18 मार्च के बीच युवती और उसके साथियों ने व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए बिजनेस में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। उनके झांसे में आकर आत्मेश कुमार सुमन ने यूपीआई, एनईएफटी और आरटीजीएस के माध्यम से कुल 10 लाख 67 हजार 270 रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए।


जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा, तो आरोपितों ने टालमटोल शुरू कर दी। इसके बाद भी उनसे और पैसे की मांग की जाने लगी। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर यह रकम निवेश की थी, जिससे वह मानसिक तनाव में हैं।


इधर, साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर गिरोह से जुड़े बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच में जुटी हुई है।

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH