Rakesh Kumar
बिहार के गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के मंझियामा गांव से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सात फेरों के साथ जिस लड़की ने नए जीवन की शुरुआत की थी, उसकी शादी के महज 12–13 दिन बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नई नवेली दुल्हन गीता कुमारी की मौत ने न सिर्फ उसके मायके को मातम में डुबो दिया है, बल्कि गांव में भी आक्रोश और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
मृतका की पहचान परैया थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी शिवा पासवान की 20 वर्षीय पुत्री गीता कुमारी के रूप में हुई है। गीता की शादी 30 अप्रैल 2026 को कोंच थाना क्षेत्र के मंझियामा गांव निवासी राम पुकार पासवान के पुत्र अमित कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से धूमधाम के साथ हुई थी। परिवार ने अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज देकर बेटी को विदा किया था। लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि हाथों की मेहंदी सूखने से पहले ही बेटी की अर्थी उठ जाएगी।
दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप
मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही गीता पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जाने लगा था। पिता शिवा पासवान ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिवार का कहना है कि गीता कई बार फोन पर अपनी परेशानी जाहिर कर चुकी थी, लेकिन उन्होंने यह सोचकर समझौता करने की सलाह दी कि समय के साथ सब ठीक हो जाएगा।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार की रात करीब नौ बजे अचानक गीता की मौत की सूचना मिली। खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जब मायके वाले मंझियामा गांव पहुंचे तो घर का माहौल देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
इच्छापुर मेले से लौटने के बाद शुरू हुआ विवाद
मृतका की नानी ने पूरे मामले में एक सनसनीखेज खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले ही गीता ने उन्हें फोन किया था। फोन पर वह बेहद डरी हुई लग रही थी।
नानी के अनुसार, गीता ने बताया था कि वह अपने पति और ससुराल वालों के साथ इच्छापुर मेला घूमने गई थी। मेले से लौटने के बाद घर में मंगलसूत्र को लेकर विवाद शुरू हो गया। ससुराल वालों ने उस पर मंगलसूत्र खो देने का आरोप लगाया।
परिजनों का दावा है कि इसी बात को लेकर गीता के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उसकी सास ने धमकी दी थी कि अगर मंगलसूत्र नहीं मिला तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
गीता ने फोन पर अपनी नानी से कहा था कि घर का माहौल बेहद खराब है और उसे डर लग रहा है। लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर आ गई।
डंडे से गला दबाकर हत्या का आरोप
मृतका के परिवार ने पति अमित कुमार, सास-ससुर और अन्य ससुराल वालों पर मिलकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि गीता की हत्या डंडे के सहारे गला दबाकर की गई।
परिवार का आरोप है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने की तैयारी भी की जा रही थी। जब मायके वाले पहुंचे तो घर में बोरा और रस्सी रखी हुई थी, जिससे उन्हें शक हुआ कि शव को गायब करने की साजिश रची जा रही थी।
हालांकि इससे पहले कि आरोपी अपने मंसूबे में कामयाब होते, मायके पक्ष मौके पर पहुंच गया। परिवार वालों के पहुंचते ही सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हो गए।
गांव में पसरा मातम, लोगों में भारी आक्रोश
घटना के बाद पूरे मंझियामा गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद इस तरह नई दुल्हन की मौत बेहद भयावह और शर्मनाक है।
लोगों का कहना है कि यदि सच में मंगलसूत्र जैसी मामूली बात पर एक लड़की की जान ले ली गई, तो यह समाज के लिए बेहद चिंताजनक है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
मायके में भी मातम पसरा हुआ है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदारों और गांव वालों की आंखें नम हैं। जिस बेटी को कुछ दिन पहले हंसी-खुशी विदा किया गया था, उसकी लाश देखकर परिवार पूरी तरह टूट गया है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही कोंच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष सुदेह कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर दहेज, घरेलू हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। शादी के कुछ दिनों बाद ही एक बेटी की संदिग्ध मौत ने पूरे समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर कब तक बेटियां दहेज और प्रताड़ना की बलि चढ़ती रहेंगी।
रिपोर्ट : राकेश कुमार, गया जी बिहार