शादी की खुशियां मातम में बदलीं: हाईटेंशन तार की चपेट में आया डीजे, आठ बच्चे झुलसे
Rakesh Kumar
883

मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के नीमा गांव में बुधवार को शादी का जश्न उस वक्त चीख-पुकार और मातम में बदल गया, जब डीजे वाहन 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में डीजे पर सवार और उसके आसपास नाच रहे करीब आठ बच्चे करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। इनमें से दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीमा गांव निवासी वीरेंद्र यादव के पुत्र अवधेश कुमार की गुरुवार को बारात जानी थी। इसी को लेकर बुधवार को पारंपरिक रस्में निभाई जा रही थीं। महिलाएं गीत गाते हुए जुलूस के रूप में एक धार्मिक स्थल की ओर जा रही थीं, वहीं डीजे की धुन पर बच्चे उत्साह से नाच रहे थे। जुलूस जब गांव स्थित मध्य विद्यालय के समीप पहुंचा, तभी डीजे वाहन ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया।


तार से डीजे के छूते ही तेज धमाका हुआ और आसपास करंट फैल गया। करंट की चपेट में आने से बच्चे झुलसकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत हरकत में आए और घायलों को उठाकर इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।


घटना की सूचना मिलते ही घुटिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि आदित्य कुमार यादव, पूर्व मुखिया हरदेव यादव और समाजसेवी सुनील यादव मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया।


घायलों में अनुराग कुमार (8 वर्ष), शांति कुमारी (15 वर्ष), सोनू कुमार (11 वर्ष), काजल कुमारी (5 वर्ष), आयुष कुमार (4 वर्ष), पीहू कुमारी (10 वर्ष) समेत अन्य बच्चे शामिल हैं। एक अन्य घायल अंशू कुमार को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो बच्चों की पहचान देर शाम तक नहीं हो सकी थी।


मगध मेडिकल थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि बिजली का तार नीचे झूल रहा था या डीजे वाहन की ऊंचाई निर्धारित मानकों से अधिक थी।


फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और गांव में घटना के बाद से शोक का माहौल व्याप्त है।

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH