Rakesh Kumar
राकेश कुमार
बिहार सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से 19 मई 2026 से शुरू होने वाले ‘सहयोग शिविर’ कार्यक्रम के सफल संचालन एवं सतत निगरानी के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 तथा ‘सहयोग शिविर’ पोर्टल sahyog.bihar.gov.in का लोकार्पण किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में गया सहित सभी जिलों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर ही सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड, अनुमंडल, जिला या राज्य मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन समस्याओं का समाधान पंचायत स्तर पर संभव है, उनका त्वरित निष्पादन वहीं किया जाए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सहयोग शिविर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर आयोजित किया जाएगा। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निष्पादन अधिकतम 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। इसके लिए सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों की निगरानी मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा की जाएगी तथा राज्य, जिला, अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर अलग-अलग कोषांग बनाकर रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाएगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के बाद गया के जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित अवधि के भीतर उनका निष्पादन किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त गया को वरीय नोडल पदाधिकारी तथा जिला पंचायती राज पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी के रूप में शिविर की सतत निगरानी एवं समीक्षा का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि लंबित आवेदन पाए जाने या समुचित विवरण उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।