कानून से समझौता नहीं होगा : विकास वैभव, आईजी

Rakesh Kumar
2773
मगध प्रक्षेत्र के नवपदस्थापित पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव ने पदभार संभालते ही पुलिस व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून के शासन से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और आम जनता को न्याय दिलाना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है।

करीब छह वर्षों के बाद दोबारा फील्ड पुलिसिंग में लौटे आईजी विकास वैभव ने अधिकारियों के साथ प्रारंभिक समीक्षा बैठक में पुलिसिंग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि किसी भी थाना में प्राथमिकी दर्ज करने में आनाकानी, अपराध की गंभीरता को कम करके दिखाना, अवैध वसूली करना अथवा शिकायतों के निष्पक्ष निष्पादन में लापरवाही बरतना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
आईजी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास कायम करना सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा हर शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने यह भी कहा कि थानों में पारदर्शिता बढ़ाने और जवाबदेही तय करने की दिशा में लगातार निगरानी की जाएगी।
विकास वैभव ने साफ किया कि अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था की मजबूती और पुलिस की छवि सुधारना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि मगध प्रक्षेत्र में अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और त्वरित कार्रवाई करना हर पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी होगी।
नए आईजी के सख्त तेवर और स्पष्ट निर्देशों को लेकर पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में मगध प्रक्षेत्र में पुलिसिंग की कार्यशैली में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकता है।
(रिपोर्ट :राकेश कुमार /गया )