विष्णुपद कॉरिडोर के विरोध में उठी आवाज, प्राचीन धरोहर बचाने की मांग
Rakesh Kumar
2794

गया शहर स्थित विष्णुपद मंदिर परिसर में प्रस्तावित विष्णुपद कॉरिडोर निर्माण के विरोध में सोमवार को जन-जागरण अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य कॉरिडोर निर्माण के खिलाफ समाज की आवाज को बुलंद करना तथा गया जी की प्राचीन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की मांग उठाना था।




प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विष्णुपद प्रबंध कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष शंभू लाल विट्ठल ने कहा कि उन्होंने कॉरिडोर निर्माण की मांग विकास के उद्देश्य से की थी, लेकिन वर्तमान योजना में प्राचीन धरोहरों और सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचने की आशंका है। उन्होंने बताया कि समाज के व्यापक विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन को लिखित विरोध पत्र भी सौंपा गया है।


उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन गया जी की प्राचीन पहचान और धार्मिक विरासत की कीमत पर नहीं। समाज का स्पष्ट मत है कि किसी भी विकास योजना में सनातन परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


वहीं संत समाज की ओर से मौजूद स्वामी वेंकटेश ने प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर योजना की समीक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि स्थानीय लोगों, धार्मिक संगठनों और विशेषज्ञों की राय लेकर योजना बनाई जाती, तो इतना व्यापक विरोध नहीं होता। उन्होंने कहा कि टेबल पर बैठकर बनाई गई योजनाएं जब समाज पर थोपी जाती हैं, तब विरोध स्वाभाविक हो जाता है।


संत समाज और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कॉरिडोर निर्माण के नाम पर गया जी की पुरातन धरोहरों और सांस्कृतिक पहचान को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन ऐसा विकास होना चाहिए जिसमें धार्मिक आस्था, सनातन संस्कृति और ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण सुनिश्चित हो।


प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोगों ने मांग की कि विष्णुपद विकास योजना में प्राचीन मंदिरों, धार्मिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा को प्राथमिकता दी जाए तथा समाज की सहमति से ही आगे की कार्रवाई की जाए। इस मौके पर विष्णुपद पंडा समाज, संत समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


(रिपोर्ट :राकेश कुमार /गया, बिहार )

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH