Rakesh Kumar
गया जी शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब निगम क्षेत्र के अंतर्गत मृत पशुओं का निःशुल्क दाह संस्कार कराया जाएगा, जिससे शहर में फैली गंदगी और दुर्गंध की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस व्यवस्था के तहत नैली डंपिंग ग्राउंड में विशेष प्रबंध किए गए हैं। यहां एनिमल कैचर मशीन के माध्यम से मृत पशुओं का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्य के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो शहर के विभिन्न इलाकों से मृत पशुओं को एकत्र कर डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाएगी।
उन्होंने बताया कि वहां एलपीजी आधारित प्रणाली से मृत पशुओं का दाह संस्कार किया जाएगा, जिससे पर्यावरण को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होगा और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनी रहेगी।
नगर आयुक्त ने कहा कि अक्सर सड़कों और मोहल्लों में मृत पशु पड़े रहने से दुर्गंध फैलती है, जिससे लोगों को परेशानी होती है और यह स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक होता है। नई व्यवस्था लागू होने से इस समस्या का प्रभावी समाधान हो सकेगा।
निगम ने इस सेवा के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है, ताकि लोग आसानी से सूचना दे सकें। मृत पशु मिलने पर कोई भी व्यक्ति मोबाइल नंबर 8409461488 पर संपर्क कर सकता है। इसके अलावा वाहन चालक जय प्रकाश यादव के मोबाइल नंबर 8434193350 पर भी सूचना दी जा सकती है।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें।