Rakesh Kumar
गया रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने एक व्यक्ति को फर्जी इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) अधिकारी बनकर घूमते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान सुरक्षा बलों को आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम ने तत्काल उसे रोककर पूछताछ की, जिस पर उसने खुद को आईबी का जूनियर इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर बताया और एक पहचान पत्र भी प्रस्तुत किया। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों को उसके जवाबों पर संदेह हुआ, जिसके बाद प्रस्तुत आई कार्ड का सत्यापन स्थानीय आईबी इकाई से कराया गया। जांच में वह पूरी तरह फर्जी पाया गया।
इसके बाद संयुक्त टीम ने आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर राजकीय रेल पुलिस थाना गया को सौंप दिया। तलाशी के दौरान उसके पास से आईबी का एक फर्जी पहचान पत्र (एसआईबी/जेआईओ/आईबी/056) और एक टैब भी बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में कांड संख्या 102/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 171 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई आरपीएफ गया के निरीक्षक बनारसी यादव एवं जीआरपी गया के थानाध्यक्ष शिवकुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान में उप निरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला, प्रधान आरक्षी आर.के. सिंह, आरक्षी आलोक कुमार सक्सेना, आरक्षी शशिशेखर, आरक्षी देवेंद्र प्रसाद (सभी आरपीएफ) तथा महिला प्रधान आरक्षी चंदा देवी (जीआरपी) सहित अन्य जवान शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि रेलवे परिसर में सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए इस तरह के सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।