Rakesh Kumar
बिहार के गया जिले में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। इमामगंज थाना क्षेत्र के पाकरडीह स्थित पंजाब नेशनल बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र में तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने महज 7 मिनट में 2 लाख 7 हजार रुपये लूट लिए और फिल्मी अंदाज में फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
वारदात उस वक्त हुई जब सीएसपी संचालक दीपक कुमार अपने सेंटर पर रोजाना की तरह काम कर रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। पहले उन्हें ग्राहक समझा गया, लेकिन अगले ही पल हालात बदल गए। एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर दीपक कुमार के सिर पर तान दी, जबकि अन्य दो अंदर घुसकर उत्पात मचाने लगे।
बदमाशों ने संचालक के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। इसके बाद कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए तिजोरी खुलवाई गई और उसमें रखी नकदी लूट ली गई। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ भी नहीं पाए।
लूट के बाद बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए।
कैमरे में कैद हुआ ‘लूट का लाइव’
यह पूरी सनसनीखेज वारदात सीएसपी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि तीनों बदमाश एक ही बाइक पर आए थे। एक बाहर पहरा देता रहा, जबकि दो अंदर घुसकर लूटपाट करते नजर आए। हथियार लहराते हुए उन्होंने कर्मचारियों को डराया और मिनटों में कैश समेट लिया।
पुलिस के लिए खुली चुनौती, छापेमारी जारी
घटना की सूचना मिलते ही इमामगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
एसडीपीओ कमलेश कुमार ने बताया कि अपराधियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हालांकि, अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है।