Rakesh Kumar
गया शहर में पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला शहर के एपी कॉलोनी स्थित मां शारदा डायग्नोस्टिक सेंटर से जुड़ा है, जहां के संचालक से 13 अप्रैल को फोन कर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
https://youtube.com/shorts/4t3D7IQcKE8?si=cxOscBl9jj2ThtgA
शुक्रवार को रामपुर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से रंगदारी की मांग की गई थी, उस मोबाइल सहित दो मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद कर लिए गए हैं।
जांच के क्रम में पुलिस को यह भी पता चला कि इसी नंबर से इमामगंज स्थित एक सोने की दुकान से भी 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस संबंध में इमामगंज थाना में पहले से ही प्राथमिकी दर्ज थी।
सिटी एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में सिटी डीएसपी टू धर्मेंद्र भारती, रामपुर थानाध्यक्ष, तकनीकी टीम और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
कार्रवाई के दौरान सबसे पहले शेरघाटी थाना क्षेत्र के अनंतबिगहा सिताबकला गांव से सुबोध कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर शेरघाटी के ही गुलजार बिगहा से विकास को पकड़ा गया, जिसके पास से घटना में प्रयुक्त सिम कार्ड बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने इमामगंज निवासी संजीत को गिरफ्तार किया, जिसके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में अन्य संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।