Rakesh Kumar
समाज सेवा और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में इनरव्हील क्लब ऑफ गया ने एक सराहनीय पहल करते हुए जिले के प्रमुख पत्रकारों को सम्मानित किया। इस आयोजन का उद्देश्य न सिर्फ मीडियाकर्मियों के योगदान को रेखांकित करना था, बल्कि समाज के वंचित तबकों तक सेवा कार्यों को और प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सहयोग का दायरा बढ़ाना भी रहा।
सम्मान समारोह में विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों को उपहार देकर उनका अभिनंदन किया गया। सम्मानित होने वालों में मगध टुडे न्यूज़ चैनल के ब्यूरो चीफ व बिहार दैनिक के एडिटर-इन-चीफ फ़ैसल रहमानी, सीएनटीवी बिहार के ब्यूरो चीफ सह टीवी9 के डिस्ट्रिक्ट ब्यूरो राकेश कुमार के साथ राजेश कुमार मिक्की, दीपक कुमार, अक्षय कुमार, सुभाष कुमार और प्रकाश कुमार शामिल रहे।
इस मौके पर इनरव्हील क्लब की पदाधिकारियों ने संस्था द्वारा संचालित सेवा कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना ही क्लब का मुख्य उद्देश्य है, जिसमें मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में पत्रकारों ने भी क्लब की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इनरव्हील क्लब जिस समर्पण के साथ सामाजिक दायित्व निभा रहा है, वह अनुकरणीय है। विशेष रूप से शिक्षा और स्वरोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
इसी क्रम में जरूरतमंद छात्रा मीना कुमारी को उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए लैपटॉप प्रदान किया गया, जो कार्यक्रम का भावनात्मक और प्रेरणादायक पहलू रहा।
कार्यक्रम का संचालन एडिटर शीतल गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर पीएएस दूर्बा सहाय, सेक्रेटरी डॉ. मंजू सिन्हा, कोषाध्यक्ष सीमा भदानी, आईएसओ प्रतिभा गुप्ता, पीडीसी अंजना पोद्दार, पीडीसी किरण प्रकाश, पीपी अल्पना सिन्हा, पीपी भावना सिंह, पीपी शुभ्रा गुप्ता, पीपी विम्मी लोहानी सहित कई सदस्याएं उपस्थित रहीं।
(रिपोर्ट : राकेश कुमार /गया )