मुरारपुर दवा मंडी में गोदाम में आग, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
Rakesh Kumar
127

गया के एएन रोड, मुरारपुर दवा मंडी में गुरुवार देर शाम लादू लाल ज्ञानचंद जैन के थोक वस्त्र गोदाम में अचानक आग लग गई। आग की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को मुख्य कारण माना जा रहा है।


घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की चार से पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग मुख्य रूप से गोदाम की दूसरी मंजिल पर लगी थी, जहां बड़े हॉलनुमा स्टोर में भारी मात्रा में कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे इन्वर्टर, कंप्यूटर, एमसीबी और एसी रखे हुए थे।


फायर ब्रिगेडकर्मी धुएं की वजह से दम घुटने से बचने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर पीठ पर बांधकर आग पर काबू पाने में जुटे। गोदाम में आग बुझाने का कोई उपकरण नहीं था, जिससे फायर कर्मियों को अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी। संकरी सीढ़ियां और बंद दरवाजे भी उनके लिए चुनौती बने। टीम को खिड़कियां और जंगले तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा।


फायर ऑफिसर नवीन कुमार सिंह ने बताया कि आग पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर टीम कुछ समय तक मौके पर तैनात रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि गोदाम सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं था और इसका कोई लाइसेंस भी मौजूद नहीं है।


गोदाम में लाखों रुपए के कपड़े और अन्य सामान रखे हुए थे। हालांकि, गोदाम मालिक और उनके परिजन नुकसान के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं। पुलिस और फायर विभाग अब मामले की जांच कर रहे हैं और लापरवाही के पहलुओं को खंगाल रहे हैं।


गनीमत रही कि आग लपटों में नहीं बढ़ी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। रामनवमी के चलते सड़कों पर शोभायात्रा और बैरिकेडिंग होने से फायर टीम को घटना स्थल तक पहुंचने में भी कठिनाई हुई।

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH