Rakesh Kumar
जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गया पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी मोहन मांझी को उसके सहयोगी सोनू मांझी के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी लंबे समय से हत्या और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में फरार चल रहे थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहन मांझी कोलकाता से गया लौट रहा है और सरबहदा क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बोधगया मोड़ के पास घेराबंदी कर सघन छापेमारी अभियान चलाया।
जैसे ही दोनों आरोपी मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने लगे। हालांकि सशस्त्र बल की मुस्तैदी के कारण दोनों को मौके पर ही दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने 3 अगस्त 2025 को हुए एक हत्या कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस घटना में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पहले ही चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गया टाउन डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मोहन मांझी पर हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के कई संगीन मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।