खान सर समेत विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु “विश्व शांति महोत्सव” 11 अप्रैल को देंगे शांति और सद्भाव का संदेश
Rakesh Kumar
3991

गया जी : धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता का संदेश देने के उद्देश्य से आगामी 11, 12 और 13 अप्रैल 2026 को गया जी में तीन दिवसीय “विश्व शांति महोत्सव” का भव्य आयोजन प्रस्तावित है।


पीस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के बैनर तले आयोजित इस महोत्सव के प्रथम दिन 11 अप्रैल को संध्या 5 बजे ऐतिहासिक गांधी मैदान में “विश्व शांति सम्मेलन” आयोजित होगा, जिसमें देश के विभिन्न हिस्सों से प्रख्यात धर्मगुरु, शिक्षाविद और सामाजिक चिंतक एक मंच पर जुटेंगे।


सम्मेलन का मुख्य आकर्षण बिहार के चर्चित शिक्षाविद खान सर होंगे, जो अपनी अनूठी शिक्षण शैली और युवाओं के बीच लोकप्रियता के लिए जाने जाते हैं। उनके संबोधन को लेकर खासकर छात्रों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।


इसके अलावा, पंजाब के अमृतसर से प्रसिद्ध सिख धर्मगुरु सरदार परमपाल सिंह साबरा भी सम्मेलन में भाग लेंगे और मानवता, सेवा तथा आपसी सद्भाव पर अपने विचार रखेंगे। वहीं, भारतीय सर्वधर्म संसद के अध्यक्ष स्वामी सुशील गोस्वामी जी महाराज भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे, जो विभिन्न धर्मों के बीच संवाद और एकता को लेकर अपने विचार साझा करेंगे।


मुस्लिम समाज का प्रतिनिधित्व करते हुए जामा मस्जिद पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी भी सम्मेलन में शिरकत करेंगे। उनके संबोधन में शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द का विशेष संदेश रहने की उम्मीद है।


पीस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सेक्रेटरी इक़बाल हुसैन के अनुसार, यह महोत्सव केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का एक प्रयास है, जिसमें विभिन्न धर्मों के गुरु एक मंच से मानवता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रवचन, संवाद सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामाजिक जागरूकता से जुड़े आयोजन भी किए जाएंगे।


गया के नागरिकों से अपील की गई है कि वे बड़ी संख्या में इस विश्व स्तरीय कार्यक्रम में भाग लें और विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों के विचारों को सुनकर समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सौहार्द का वातावरण बनाने में अपना सक्रिय योगदान दें।


महोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं और प्रशासनिक स्तर पर भी सुरक्षा एवं व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजकों का दावा है कि यह आयोजन गया ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक अवसर साबित होगा।

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH