Rakesh Kumar
गया जी । जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में घरेलू एलपीजी गैस की सुचारू आपूर्ति को लेकर गैस एजेंसियों के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निवारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर घरेलू एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति एवं वितरण की निगरानी के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन स्थापित की गई है। आम उपभोक्ता एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत या जानकारी सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक दूरभाष संख्या 0631-2222253 पर दे सकते हैं। यह जिला नियंत्रण कक्ष 13 मार्च 2026 से लगातार संचालित रहेगा।
जिला नियंत्रण कक्ष में प्राप्त शिकायतों, सूचनाओं एवं सुझावों को निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा तथा उनके निवारण के लिए पालीवार पदाधिकारियों एवं कर्मियों की तैनाती की गई है। नियंत्रण कक्ष के संचालन के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है, जो संबंधित गैस एजेंसी से समन्वय स्थापित कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि गया जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। सभी गैस कंपनियों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि एलपीजी गैस की बुकिंग और अगली बुकिंग के बीच 25 दिनों का अंतराल निर्धारित है तथा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में इसी अवधि के अनुसार सिलेंडर की डिलीवरी दी जा रही है।
जिले में कुल 67 एलपीजी गैस डिस्ट्रीब्यूटर कार्यरत हैं, जिनमें बीपीसीएल के 27, एचपीसीएल के 16 तथा आईओसीएल के 24 डिस्ट्रीब्यूटर शामिल हैं। जिले में घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं की कुल संख्या 7,90,941 है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि एलपीजी गैस का वितरण “फर्स्ट कम, फर्स्ट आउट” के सिद्धांत के आधार पर किया जा रहा है, यानी जो उपभोक्ता पहले बुकिंग करेंगे, उन्हें पहले गैस उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसी भी गैस गोदाम, डिस्ट्रीब्यूटर के घर या कार्यालय पर अनावश्यक भीड़ या दबाव न बनाएं। उन्होंने नगर पुलिस अधीक्षक के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों को भी इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक, सहायक समाहर्ता, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), वरीय उप समाहर्ता धनराज कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के वरीय पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।