जनता दरबार में गूंजे किसानों, दिव्यांग और भूमिहीनों के सवाल; डीएम ने दिया त्वरित कार्रवाई का निर्देश
Rakesh Kumar
6595

गया जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में आयोजित दैनिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों ने अपनी समस्याएं रखीं। डीएम ने एक-एक कर सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल निवारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मोहनपुर प्रखंड के एक आवेदक ने अंबातरी पैक्स अध्यक्ष पर किसानों से धान खरीद में अनियमितता का आरोप लगाया। आवेदक के अनुसार वास्तविक वजन के अनुरूप रसीद नहीं दी जा रही है और कम मात्रा अंकित कर रसीद काटी जा रही है। इस पर जिला पदाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को मामले की विस्तृत एवं त्वरित जांच कर किसानों के हित में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

खिजरसराय के आवेदक राजीव कुमार ने स्वयं को 70 प्रतिशत दिव्यांग बताते हुए मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के बाद डीएम ने सहायक निदेशक दिव्यांगजन को अविलंब सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ दिव्यांगजन पेंशन योजना का लाभ शीघ्र देने का निर्देश दिया।

डुमरिया प्रखंड के पिपरा गांव से आए आवेदक ने हदबंदी अधिशेष भूमि के तहत बंदोबस्ती परवाना एवं वासगीत पर्चा से प्राप्त भूमि की जमाबंदी रद्द किए जाने की शिकायत की। इस पर जिला पदाधिकारी ने भूमि सुधार उपसमाहर्ता शेरघाटी को मामले की जांच कर प्रतिवेदन देने का आदेश दिया।

वहीं फतेहपुर प्रखंड के परसावां गांव के एक भूमिहीन आवेदक ने भूमि बंदोबस्ती परवाना की मांग रखी। डीएम ने अपर समाहर्ता राजस्व को नियमानुसार जांच कर आवेदक को लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार आम जनता की सरकार तक सीधी पहुंच है। इसका उद्देश्य जनसमस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अन्य आवेदनों पर भी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


(रिपोर्ट … राकेश कुमार /गया जी )

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH