कला को पहचान दिलाने की पहल: गया में शुरू हुई तीन दिवसीय ‘अभिव्यंजना’ प्रदर्शनी, कलाकारों को मिला सम्मान
Rakesh Kumar
6511

गया जी : कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, जिला प्रशासन गया तथा विहार कला मंच, पटना के संयुक्त तत्वावधान में बसंत पंचमी महोत्सव के अवसर पर तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी ‘अभिव्यंजना’ का आयोजन हरिदास सेमिनरी स्थित प्रेक्षा गृह सह आर्ट गैलरी में किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण), गया आदित्य कुमार पीयूष ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन से पूर्व जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुरभि बाला ने अतिथियों का मोमेंटो, शॉल एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया।

अपने संबोधन में अपर समाहर्ता ने कहा कि कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार द्वारा आयोजित इस तरह के कार्यक्रम राज्य के कलाकारों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें व्यापक पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे मंचों से कलाकारों की कला राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि कला समाज की संवेदना और सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखती है और ‘अभिव्यंजना’ जैसे आयोजन कलाकारों को अपनी सृजनात्मकता प्रस्तुत करने का सार्थक अवसर देते हैं।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। संगीत एवं गायन के क्षेत्र में राजन सिजुआर, फोटोग्राफी में श्याम भंडारी, कला संरक्षण एवं उत्थान के लिए डॉ. विजय करण, समाज सेवा में उषा डालमिया, फिल्म पटकथा लेखन एवं साहित्य में शैवाल, बिहार कला मंच के संयोजक रूपक सिंह, छाप कला में पद्मश्री श्याम शर्मा, बिहार कला मंच कार्यक्रम के लिए वीरेंद्र कुमार सिंह, कथक नृत्य में सुधुप्पो बॉस तथा अपर संग्रहालय अपर निदेशक अशोक सिंह को सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन श्वेता सुरभि ने किया।

इस मौके पर डीपीएस स्कूल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत योग नृत्य कार्यक्रम ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में पेंटिंग, फोटोग्राफी, मूर्ति कला, हस्तकला सहित विभिन्न विधाओं के कलाकार अपनी कृतियों का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनी में कला प्रेमियों और दर्शकों की अच्छी उपस्थिति देखी जा रही है।

कार्यक्रम में जिला जन संपर्क पदाधिकारी दीपक चंद्र देव, डीपीओ आईसीडीएस रश्मि वर्मा, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुरभि बाला सहित कई ख्यातिप्राप्त कलाकार एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे।


(रिपोर्ट … राकेश कुमार /गया जी )

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH